खराब खाने को लेकर सीसीएसयू के आर के हॉस्टल में छात्रों ने किया हंगामा
छात्रों ने घटिया खाना देने के लगाए आरोप
मेरठ। सोमवार को चौ. चरण विवि में आरके हॉस्टल में खराब और अस्वच्छ भोजन को लेकर छात्रों का गुस्सा भड़क गया। लंबे समय से मेस की गुणवत्ता को लेकर शिकायत कर रहे छात्रों ने सोमवार को हंगामा करते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
छात्रा नेता विनीत चपराना की अगुवाई में प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल मेस में कई दिनों से बेहद खराब गुणवत्ता का खाना परोसा जा रहा है। भोजन की स्थिति इतनी खराब है कि कई छात्र बीमार तक पड़ चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे छात्रों में आक्रोश बढ़ता गया। नाराज़ छात्रों ने हॉस्टल परिसर में एकत्र होकर नारेबाजी की और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद मेस ठेकेदार पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने चीफ वार्डन दिनेश कुमार से बात कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और मेस ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
विनीत चपराना ने कहा कि छात्रों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो छात्र बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के संकेत दिए हैं। अब देखना होगा कि छात्रों को कब तक बेहतर भोजन और सुविधाएं मिल पाती हैं।

No comments:
Post a Comment