अमेरिका से कोई बात नहीं करेंगा ईरान

 ट्रंप को ईरान ने दिया दो टूक जवाब 

दुबई ,एजेंसी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नए नेतृत्व से बातचीत के संकेत दिए। लेकिन एक बड़े ईरानी सुरक्षा अधिकारी ने साफ कहा कि वे वाशिंगटन से बात नहीं करेंगे। ट्रंप ने रविवार को कहा था कि वह ईरान के नए नेताओं से बातचीत के लिए तैयार हैं। उन्होंने ‘द अटलांटिक’ पत्रिका से कहा, ‘वे बात करना चाहते हैं, मैंने बातचीत के लिए हां कर दी है। इसलिए मैं उनसे बात करूंगा.’ लेकिन ईरान के सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘हम अमेरिका से बातचीत नहीं करेंगे.’ ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद अमेरिका और इजरायल ने रविवार को ईरान में कई जगहों पर भारी हमले किए। बैलिस्टिक मिसाइल ठिकानों पर बम गिराए और युद्धपोत भी तबाह कर दिए।

ईरान में 200 से ज्यादा लोग मारे गए

ईरानी नेताओं के मुताबिक, इन हमलों में अब तक खामेनेई और अन्य वरिष्ठ नेताओं समेत 200 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। बमबारी जारी है और यह संघर्ष अमेरिका, इजरायल और ईरान से बाहर भी फैल सकता है।  लेबनान के चरमपंथी संगठन हिजबुल्ला ने इजरायल पर हमले किए, जिस पर इजरायल ने जवाबी कार्रवाई की। खाड़ी देशों ने अपने अहम ठिकानों पर हुए हमलों में कम से कम पांच आम नागरिकों की मौत के बाद चेतावनी दी कि वे ईरान के खिलाफ जवाबी कदम उठा सकते हैं। ईरान ने बदले की कार्रवाई में इजरायल और अरब देशों पर मिसाइलें दागीं। इजरायल की बचाव सेवाओं के अनुसार, यरुशलम और बेत शेमेश के एक प्रार्थना स्थल समेत कई जगहों पर हमले हुए. बेत शेमेश में नौ लोगों की मौत हुई और 28 लोग घायल हुए. इजरायल में कुल 11 लोग मारे गए हैं। पुलिस ने बताया कि हमले के बाद 11 लोग अब भी लापता हैं। लेकिन ईरान पर हमले रुक नहीं रहे हैं। अमेरिका और इजरायल ने ईरान के महत्वपूर्ण सैन्य, राजनीतिक और खुफिया ठिकानों को निशाना बनाया. इससे लगता है कि जंग और बढ़ सकती है और यह लंबे समय तक चल सकती है। जिससे पूरे पश्चिम एशिया में अस्थिरता आ सकती है।

अमेरिका के तीन सैनिक मारे गए

अमेरिकी सेना ने रविवार को कहा कि ईरान पर अमेरिका के हमलों के दौरान उसके तीन सैनिक मारे गए और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हुए.।यह पहली बार है जब इस बड़े सैन्य अभियान में अमेरिका ने अपने सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि की है। राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए वीडियो में कहा कि अमेरिका अपने सैनिकों की मौत का ‘बदला’ लेगा और संघर्ष खत्म होने से पहले ‘शायद और भी अमेरिकी सैनिक मारे जाएं.’ इजरायल के ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ्रिन ने बताया कि 100 लड़ाकू विमानों ने एक साथ तेहरान में कई ठिकानों पर हमला किया। उन्होंने कहा कि इन हमलों में ईरान की वायुसेना की इमारतों, मिसाइल कमान से जुड़े ठिकानों और आंतरिक सुरक्षा बल की इमारतों को निशाना बनाया गया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts