मेरठ बार एसो. के विरोध से मवाना कोर्ट का उद्घाटन हुआ रदद
कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के जज पंकज मित्तल व चीफ जस्टिस हाईकोर्ट को आना था
मेरठ । मवाना में चार कोर्ट के नए भवन का उद्घाटन रविवार को (आज) हाई कोर्ट इलाहाबाद के मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली द्वारा किया जाना था। उनके साथ सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश पंकज मित्तल समेत हाई कोर्ट के दो अन्य न्यायाधीश भी कार्यक्रम में अतिथि थे।शनिवार शाम को मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली का कार्यक्रम निरस्त हो गया।
दरअसल मेरठ बार एसोसिएशन कोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम का विरोध कर रही थी। उन्होंने कार्यक्रम निरस्त न होने पर मुख्य न्यायाधीश के घेराव की घोषणा कर रखी थी। इसे लेकर बार की दो बार जिला जज के साथ वार्ता भी हुई, लेकिन बार पदाधिकारी अपनी घोषणा पर अड़े थे। माना जा रहा है कि विरोध के मद्देनजर ही मुख्य न्यायाधीश का कार्यक्रम निरस्त किया गया है।
मवाना में नए न्यायालय भवन के उद्घाटन का मेरठ बार एसोसिएशन द्वारा विरोध किया जा रहा था। बार पदाधिकारियों का आरोप था कि इस कार्यक्रम को लेकर उन्हें विश्वास में नहीं लिया गया। नए न्यायालय भवन परिसर में अधिवक्ताओं के चैंबर नहीं बने है। न ही वादकारियों के लिए सुविधाएं हैं। मवाना में छह थानाक्षेत्रों के मामलों की सुनवाई की तैयारी का भी मेरठ बार विरोध कर रही है। रविवार को होने वाले कार्यक्रम में हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली को बतौर मुख्य अतिथि शामिल होना था।
शनिवार शाम को जिला जज कार्यालय और जिला प्रशासन को मुख्य न्यायाधीश का मेरठ आगमन कार्यक्रम निरस्त होने की सूचना ई मेल से मिली। मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज कुमार शर्मा तथा महामंत्री परवेज आलम ने बताया कि बार के विरोध के चलते ही मुख्य न्यायाधीश ने कार्यक्रम निरस्त किया है। सोमवार को मेरठ बार की आम सभा में इस मुद्दे के साथ अन्य मामलों पर भी विमर्श होगा। मेरठ बार के पूर्व अध्यक्ष संजय शर्मा और पूर्व महामंत्री राजेंद्र सिंह राणा ने बताया कि शनिवार सुबह भी जिला जज के साथ दोनों बार पदाधिकारियों की वार्ता हुई, जो सफल नहीं रही।
जिला बार ने की थी कार्यक्रम में जाने की घोषणा
नए न्यायालय भवन के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर मेरठ की दोनों बार शनिवार को दो धड़ों में बंट गई थीं। जिला बार के अध्यक्ष राजीव त्यागी ने बताया कि इस मामले का समाधान हो सकता था, लेकिन मेरठ बार जिद पर अड़ी है। इसे देखते हुए जिला बार में कार्यक्रम में शामिल होने तथा मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात करके मेरठ की समस्याएं उनके सामने रखने का निर्णय लिया था।


No comments:
Post a Comment