रैपिड के इस स्टेशन पर ऑटो चालकों की गुंडागर्दी

 सवारी बैठाने पर रोडवेज इलेक्ट्रिक बस कंडक्टर को पीटा

मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के मेरठ साउथ रैपिड स्टेशन पर शुक्रवार को ऑटो चालकों की गुंडागर्दी के चलते हंगामा खड़ा हो गया। आधा दर्जन ऑटो चालकों ने रोडवेज की इलेक्ट्रिक बस के परिचालक रामकुमार को बस से नीचे उतारकर पीटा। उससे दो हजार की नगदी भी छीन ली। आक्रोशित इलेक्ट्रिक बसों के दर्जनों चालक-परिचालकों ने कई रूटों की बसों का संचालन रोक दिया। बसें मेरठ साउथ स्टेशन के बाहर खड़ी कर दीं, जिससे दिल्ली रोड पर जाम की स्थिति बन गईं। इस कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के दरियापुर मवाना निवासी रामकुमार रोडवेज की इलेक्ट्रिक बस में परिचालक है। शुक्रवार को वह रोजाना की तरह मेरठ साउथ स्टेशन के नीचे बस रोककर बेगमपुल जाने वाली सवारियों को बुला रहा था। इसी दौरान भूड़बराल गांव के ऑटो चालक वहा पहुंचे और बस को तुरंत वहां से हटाने का दबाव बनाने लगे।

परिचालक के सवारियां बैठाने की बात कहने पर युवक भड़क गए और रामकुमार को बस से नीचे खींचकर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान दबंगों ने रामकुमार से दो हजार रुपये की नगदी भी छीन ली। बीच-बचाव करने आए बस चालक विनोद के साथ भी हाथापाई की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो आरोपी फरार हो गए। 

 सूचना मिलते ही रोडवेज कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। विरोध में कई रूटों पर चलने वाली इलेक्ट्रिक बसों के चालक और परिचालकों ने मेरठ साउथ स्टेशन के नीचे बसों के पहिए थाम दिए। बसों का संचालन ठप होने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेरठ साउथ स्टेशन के नीचे कुछ लोगों ने अवैध टेंपो एसोसिएशन बनाकर पार्किंग पर कब्जा कर रखा है। विरोध करने वालों के साथ मारपीट की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। 

 रोडवेज कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी और अवैध टेंपो स्टैंड को हटाया नहीं जाएगा, तब तक बसों का संचालन सामान्य नहीं किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपी ऑटो चालकों की तलाश की जा रही है।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts