राकेश टिकैत को उड़ीसा में किया गया गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर किसान नेता ने शेयर किया वीडियो
मेरठ। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को उड़ीसा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। राकेश टिकैत ने अपने सोशल मीडिया पर अपनी अरेस्टिंग का वीडियो शेयर किया है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि उड़ीसा राज्य के किसान 22 मार्च 2026 से अपनी सभी मांगों को लेकर पैदल मार्च कर राजधानी भुवनेश्वर पहुंच रहे थे।
जहां पर एक सभा होनी तय हुई थी, हम भी उसमें शामिल होने के लिए भुवनेश्वर पहुंचे थे। लेकिन वहां की राज्य सरकार के इशारे पर पुलिस ने दमनकारी नीति अपनाते हुए हम सभी को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी देश के किसान की आवाज को नहीं दबा सकती है। आप सभी नए संघर्ष के लिए तैयार रहें।
राकेश टिकैत की अरेस्टिंग के बाद मेरठ सहित पश्चिमी यूपी में उनके समर्थकों में काफी गुस्सा है। मेरठ में भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी सहित तमाम समर्थक मवाना में पहुंचकर धरने पर बैठ गए हैं। अनुराग मलिक का कहना है कि जब तक भुवनेश्वर पुलिस हमारे नेताजी को ससम्मान रिलीज नहीं करेगी हम यहीं धरनारत रहेंगे।
भाकियू के जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसानों के आंदोलन को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ओडिशा के किसान जल, जंगल और जमीन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाकियू का शीर्ष नेतृत्व इस मामले पर बातचीत कर रहा है और पूरी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। यदि आवश्यकता पड़ी तो इसके विरोध में आंदोलन शुरू किया जा सकता है।
यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब देश भर में किसानों के मुद्दे एक बार फिर चर्चा में हैं। भाकियू और अन्य किसान संगठन विभिन्न मांगों को लेकर अपनी आवाज उठाते रहे हैं। राकेश टिकैत की गिरफ्तारी को किसानों के आंदोलन को कमजोर करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है, जिससे किसान संगठनों में असंतोष फैल गया है।
वेस्ट यूपी के जिलों में शेयर हो रहा ये मैसेज
भाकियू के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सतर्क एवं सचेत रहें। राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत जी को साथियों सहित उड़ीसा में प्रशासन द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। किसानों की आवाज को कोई जेल कोई सरकार दबा नहीं सकती। इस गिरफ्तारी के विरोध में सभी साथी आंदोलन के लिए तैयार रहें तथा अपने नज़दीकी थानों का घेराव करें। रिहाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
केंद्रीय कार्यालय की तरफ से मिले दिशा निर्देशों पर मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी 5 जिलों के सम्मानित जिला अध्यक्ष को यह सूचित किया जाता है कि सभी लोग अपने कार्यकर्ताओं एवं पूरी टीम के साथ नजदीकी थाने में जाकर धरना प्रदर्शन करें l राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत जी की रिहाई तक यह धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
भाकियू के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सतर्क एवं सचेत रहें। राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत जी को साथियों सहित ओडिशा में प्रशासन द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। किसानों की आवाज को कोई जैल कोई सरकार दबा नहीं सकती।
ये मैसेज गिर्राज सिंह परिहार प्रदेश प्रचार मंत्री उत्तर प्रदेश, विजेन्द्र सिंह यादव प्रदेश अध्यक्ष पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मनोज चौधरी मंडल अध्यक्ष मुरादाबाद मंडल और मोहम्मद राशिद खान युवा नगर अध्यक्ष इस्लामनगर की तरफ से ये मैसेज शेयर किए जा रहे हैं।


No comments:
Post a Comment