निगम के लोकहित ऐप से घर बेठे होगा समस्या का समाधान
कूड़ा, पानी, स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत समस्याओं से मिलेगी निजात
मेरठ। गढ़ रोड शास्त्री नगर में नए ऑफिस शिफ्ट होने से पहले नगर निगम ने ई-आफिस व्यवस्था को लागू करने की पहल शुरू कर दी है। ई-आफिस के तहत न केवल विभागीय फाइलों का आदान-प्रदान कंप्यूटर पर आनलाइन होगा, बल्कि आम नागरिकों की शिकायतें भी आनलाइन सुनीं जाएगीं। इसके लिए लोकहित एप तैयार किया गया है। इस पर लोग शिकायतें फोटो और लोकेशन के साथ भेज सकेंगे। लोकहित एप का ट्रायल शुरू हो गया है। इस पर कूड़ा न उठने और जलने, सड़क पर झाड़ू न लगने, पेयजल किल्लत, लीकेज, दूषित पानी आने, स्ट्रीट लाइट बंद होने सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। खास बात ये है कि एप पर दर्ज शिकायतों का निस्तारण निश्चित समय तीन से पांच दिन के भीतर किया जाएगा। यही नहीं, शिकायत की लाइव स्टेट्स भी ट्रैक कर सकेंगे।
निगम के अधिकारियों की मानें तो उनका कहना है कि लोकहित नाम से एप को प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। इस पर अपना नाम और मोबाइल नंबर डालकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। तत्पश्चात प्रदान की जाने वाली सुविधाओं के टूल सामने होंगे। कंप्लेन (शिकायत ) वाले टूल को चालू किया गया है। इस पर क्लिक करके शिकायत दर्ज करने पर यह संबंधित अधिकारी के पास पहुंच जाएगी।इसके बाद निस्तारण की स्थिति चेक कर सकते हैं। लोग अपना फीडबैक भी दे सकते हैं।
एप पर ये सुविधाएं भी मौजूद
पुलिस कंट्रोल रूम, एंबुलेंस, वूमेल व चाइल्ड हेल्पलाइन, फायर सर्विस, कस्टमर केयर, अधिकारियों के कांटैक्ट नंबर इमरजेंसी टूल में क्लिक करके मिल जाएंगे।प्रमुख ब्लड बैंकों, अस्पतालों पुलिस स्टेशन और कालेज की लोकेशन और पता एप पर मिल जाएगा।
कुछ दिन बाद ये शुरू होंगी सुविधाएं
अभी शिकायतें ली जा रही हैं। कुछ दिन बाद कई और सुविधाएं एप पर मिलने लगेंगी।
-एप के जरिए डिजिटल जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनने लगेंगे। आनलाइन आवेदन होंगे।
-पालतू कुत्तों के रजिस्ट्रेशन समेत अन्य लाइसेंस के आवेदन भी एप पर हो सकेंगे।
-गृहकर को एप पर जाकर जमा कर सकेंगे। पिछला रिकार्ड भी देख सकेंगे।
-निर्माण कार्यों की प्रगति, सड़कों की गारंटी अवधि भी एप पर उपलब्ध कराया जाएगा।
घर बैठे 24 घंटे मिलेंगी सुविधा
लोकहित एप का उद्देश्य निगम में आने वाली भीड़ को कम करना है। लोगों घर बैठे 24 घंटे सुविधाएं प्रदान करना है। अब आनलाइन शिकायतों व आवेदनों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए नई बिल्डिंग में एक सेंटर बनाया जाएगा। जहां से इसे संचालित किया जाएगा।
सौरभ गंगवार, नगर आयुक्त



No comments:
Post a Comment