दुर्लभ रोबोटिक थायरॉयड कैंसर सर्जरी, 32 वर्षीय बिनीता को मिला नया जीवन
मेरठ। थायरॉयड रोगों और कैंसर के बढ़ते मामलों के बीच मैक्स इंस्टीट्यूट ऑफ कैंसर केयर, वैशाली में एक अत्यंत दुर्लभ और जटिल रोबोटिक सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। 32 वर्षीय बिनीता, जिन्हें थायरॉयड ग्लैंड में ट्यूमर की समस्या थी, का उपचार रोबोटिक स्कारलेस टोटल थायरॉयडेक्टॉमी विद सेंट्रल नेक डिसेक्शन (CND) तकनीक से किया गया—वह भी गर्दन पर बिना किसी निशान के।
यह उन्नत सर्जरी चिकित्सा जगत में अत्यंत जटिल मानी जाती है, और पूरे भारत में केवल 12–15 अनुभवी सर्जन ही इस प्रक्रिया को सुरक्षित रूप से करने में सक्षम हैं। इस सफल सर्जरी ने मैक्स वैशाली को रोबोटिक कैंसर सर्जरी के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान दिलाई है।
इस प्रक्रिया का नेतृत्व डॉ. सीमा सिंह, एसोसिएट डायरेक्टर, रोबोटिक ऑनकोसर्जरी (ब्रेस्ट एवं गायनी यूनिट) ने किया। डॉ. सिंह IMS, BHU से MBBS और MS (गोल्ड मेडलिस्ट) तथा AIIMS, नई दिल्ली से MCh (सर्जिकल ऑन्कोलॉजी) कर चुकी हैं। उन्होंने साउथ कोरिया से एडवांस्ड रोबोटिक सर्जरी में फेलोशिप भी प्राप्त की है, जिससे वह देश की चुनिंदा विशेषज्ञों में शामिल हैं।
पारंपरिक थायरॉयड सर्जरी में गर्दन पर बड़ा निशान पड़ने की संभावना रहती है, जो कई मरीजों के लिए मानसिक और सामाजिक असहजता का कारण बनती है। इसी चिंता को ध्यान में रखते हुए बिनीता के लिए Da Vinci Xi रोबोटिक सिस्टम की मदद से ट्रांसएक्सिलरी यानी बगल के रास्ते से ऑपरेशन किया गया। इस प्रक्रिया में गर्दन पर कोई चीरा नहीं लगाया जाता और बगल में दिया गया छोटा चीरा समय के साथ लगभग अदृश्य हो जाता है।
डॉ. सीमा सिंह ने बताया, “स्कारलेस रोबोटिक थायरॉयडेक्टॉमी तकनीकी रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण है, लेकिन यह मरीजों को कम दर्द, कम रक्तस्राव, तेज़ रिकवरी और बिना किसी बाहरी निशान के इलाज का विकल्प प्रदान करती है। इससे उनकी जीवन गुणवत्ता और आत्मविश्वास दोनों बेहतर होते हैं।”
सर्जरी को सफल बनाने में अनुभवी सर्जिकल टीम, एनेस्थीसिया विशेषज्ञों और तकनीकी स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अस्पताल के अनुसार, यह उपलब्धि भविष्य में थायरॉयड सहित कई अन्य जटिल रोगों के इलाज को अधिक सुरक्षित और मरीज-अनुकूल बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।

No comments:
Post a Comment