योगी सरकार ने पूछ' एआई से 25 हजार करोड़ का करार रद्द
लखनऊ।इन्वेस्ट यूपी ने पूछ एआई कंपनी की हैसियत व अनुभव को लेकर उठे सवालों के बाद आखिरकार उसके साथ किए गए एमओयू को गुरुवार को निरस्त कर दिया है। कंपनी ने सोमवार को प्रदेश में एआई पार्क की स्थापना के लिए 25 हजार करोड़ रुपये निवेश का एमओयू किया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एमओयू पर सवाल उठने पर इसे गंभीरता से लिया था और अगले ही दिन मंगलवार को स्पष्ट किया था कि शर्तों को पूरा न करने पर एमओयू निरस्त होगा।
इनवेस्ट यूपी के सीईओ विजय करण आनंद का कहना है कि कंपनी को डीपीआर ,बिजनेस प्लान समेत अन्य डाक्यूमंट देने थे पर कोई दस्तावेज नहीं दिया गया । इसपवर एमओयू रद कर दिया गया।
दरअसल पूछ एआई से हुए एम ओ यू को लेकर इन्वेस्ट यू पी के अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे थे।सोशल मीडिया पर कंपनी की माली हालत केवल 49 लाख रुपये के आसपास होने का हवाला देकर उसके साथ हुए 25 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव को हवा-हवाई करार दिया गया था।
कंपनी की हैसियत को पहले न परखने के लिए करार की प्रक्रिया में शामिल रहे इन्वेस्ट यूपी के अधिकारियों की कार्यशैली व मंशा को लेकर तीखी टिप्पणियां सामने आई थीं।
पहले भी उठे सवाल
पहले व्यूनाउ मार्केटिंग सर्विसेज से जुड़ा मामला सुर्खियों में आया था। कंपनी ने 75 जिलों में 750 डाटा सेंटर के लिए करार किया। ईडी ने निदेशक सुखविंदर सिंह, पत्नी को दिल्ली से एक घोटाले में पकड़ा गया था। सैन फ्रांसिस्को की एक कंपनी से एमओयू पर भी विवाद हुआ तो सरकार ने स्पष्ट किया था कि एमओयू आस्टिन यूनिवर्सिटी से नहीं बल्कि आस्टिन कंसलटेंसी ग्रुप से हुआ है।
सपा प्रमुख ने भी घेरा था
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी मामले को लेकर सरकार को घेरा था। अखिलेश ने एक्स अकाउंट पर बुधवार को लिखा था कि एमओयू करने से पहले एआई से ही' पूछ' के बारे में पूछ लिया होता।
योगी ने कहा था, शर्तें पूरी नहीं तो स्वतः रद्द होगा एमओयू
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को एक्स पर कहा था कि शर्तों को पूरा न करने वाले किसी भी संभावित निवेशक का समझौता ज्ञापन स्वतः रद्द हो जाएगा। इन्वेस्ट यूपी द्वारा हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन विस्तृत जांच, परियोजना मूल्यांकन से पहले का प्रारंभिक कदम है। पूछ एआई से एमओयू इन्वेस्ट यूपी द्वारा एआई में संभावनाओं का पता लगाने की प्रक्रिया की शुरुआत है। एमओयू राज्य सरकार के लिए बाध्यकारी नहीं हैं।


No comments:
Post a Comment