'द ग्रेट शम्सुद्दीन फैमिली' का मजेदार ट्रेलर रिलीज
मुंबई। भारतीय सिनेमा में पारिवारिक कहानियां हमेशा से दर्शकों के दिल के करीब रही हैं। बदलते समय के बावजूद, भारतीय घरों में मौजूद प्यार, उलझन, दखलअंदाजी और उम्मीदें आज भी उतनी ही मजबूत हैं। इसी जटिल रिश्तों को एक बार फिर निर्देशक अनुषा रिजवी बड़े पर्दे पर पेश करने जा रही हैं। वह एक नई कॉमेडी-ड्रामा 'द ग्रेट शम्सुद्दीन फैमिली' लेकर आ रही हैं, जो आधुनिक परिवार की हलचल और भावनात्मक खींचतान को एक मजेदार कहानी के जरिए सामने रखती है।
अनुषा रिजवी ने अपनी पहली फिल्म 'पीपली लाइव' से काफी लोकप्रियता हासिल की थी। इसमें उन्होंने भारतीय समाज की बारीकियों को चुटीले लेकिन गंभीर अंदाज में दिखाया था। फिल्म के बारे में बात करते हुए अनुषा रिजवी ने कहा, ''यह कहानी इस बारे में है कि हमारा परिवार हमें कैसे ढालता है। चाहे परिवार कितना भी झुंझलाहट भरा क्यों न लगे, उसकी मौजूदगी हमारी पहचान और हमारे फैसलों को गहराई से प्रभावित करती है।''
'द ग्रेट शम्सुद्दीन फैमिली' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसमें अभिनेत्री कृतिका कामरा 'बानी अहमद' का किरदार निभा रही हैं, जो घर की बड़ी बेटी है और प्रोफेशनल तौर पर एक लेखक है। उसे महज 12 घंटों के अंदर अपना एक अहम प्रोजेक्ट पूरा करना होता है, लेकिन उसी दिन उसके घर में ऐसा हंगामा मचता है कि उसका पूरा ध्यान हट जाता है। परिवार के अलग-अलग लोग अपनी-अपनी समस्याएं लेकर उसके पास जाते हैं। यहां तक कि उसका एक्स ब्वॉयफ्रेंड भी उसी दिन उससे मिलने आता है, जिससे वह अपने प्राइवेट स्पेस के लिए जूझती नजर आती है।
'द ग्रेट शम्सुद्दीन फैमिली' दर्शकों को एक साथ हसाएगी, चौंकाएगी और भावुक भी करेगी। फिल्म में कृतिका कामरा के साथ पूरब कोहली, फरीदा जलाल, श्रेया धनवंतरी, जूही बब्बर, शीबा चड्ढा, डॉली आहलूवालिया, नताशा रस्तोगी और निशांक वर्मा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 'द ग्रेट शम्सुद्दीन फैमिली' 12 दिसंबर को जियोहॉटस्टार पर रिलीज होगी।


No comments:
Post a Comment