पोक्सो एक्ट में दो बेटे गए जेल, पिता की सदमे में मौत
-दोनों बेटों के जेल से ना आने पर भतीजे ने मुखाग्नि दी
-परिजनों ने किया हंगामा, पुलिस पर लगाए आरोप
मेरठ। किशोरी से छेड़छाड़ के मामले में पोक्सो एक्ट में जेल जाने के बाद सदमे में चल रहे पिता की मौत हो गई। विरोध में परिजनों ने हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों को समझा कर शांत किया, लेकिन जेल से बेटों के ना आने पर भतीजे ने पिता को मुखाग्नि दी।
टीपीनगर थाना अंतर्गत मुल्तान नगर निवासी मुनेंद्र के दो बेटे तुषार व पीयूष पर किशोरी से छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने दोनों भाइयों पर पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया था। दोनों बेटों के जेल जाने के बाद से मुनेंद्र बीमार हो गए थे। परिजनों ने बताया, तीन दिन पहले तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर मुनेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। शुक्रवार देर रात में अचानक तबीयत अधिक बिगड़ने पर डाक्टरों ने उन्हें मेडिकल कालेज रेफर कर दिया था। मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। शनिवार सुबह स्वजन ने चौकी प्रभारी पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजन जेल में बंद दोनों बेटों को पिता को मुखाग्नि देने के लिए बुलाने की मांग करने लगे। थाना प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा ने मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को किसी तरह समझाया। इसके बाद स्वजन व रिश्तेदारों ने भतीजे से मुखाग्नि दिलाकर शव का अंतिम संस्कार किया।
यह था मामला
टीपी नगर थाना प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा ने बताया, तुषार का एक किशोरी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस ने दोनों पक्षों का थाने में समझौता करा दिया था। बावजूद इसके दोनों ने मिलना बंद नहीं किया। किशोरी के पिता ने 18 नवंबर को तुषार व उसके भाई पीयूष पर छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। तभी से मुनेंद्र की तबीयत खराब चल रही थी।


No comments:
Post a Comment