लोड बढ़ाने के विवाद में लाइनमैन को गोली मारी, गंभीर
-पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र समेत अन्य पर दर्ज किया मुकदमा
-घटना के बाद से आरोपी फरार, तलाश में एक टीम दे रही दबिश
मेरठ। बिजली का लोड बढ़ाने को लेकर हुए विवाद में ड्यूटी के दौरान संविदा कर्मी लाइनमैन को गोली मारकर घायल कर दिया। लाइनमैन को गंभीर हालत में ग्रामीणों ने अस्पताल में भर्ती कराया। लाइनमैन के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज कर लिया। घटना के बाद से आरोपी फरार है।
अलीपुर गांव निवासी राकेश बिजली विभाग में संविदा पर लाइनमैन हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती छूर बिजली घर पर है। रविवार को वह बिजली घर में मौजूद थे। उसी समय छूर गांव निवासी एक युवक अपने पिता व कुछ लोगों के साथ बिजली घर पहुंचा और राकेश पर बिजली का लोड बढ़ाने का दबाव बनाने लगा। लाइनमैन ने जेई से बात करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर लेकर अंकुश व लाइनमैन राकेश में कहासुनी हो गई। इसी बीच अंकुश तमंचा निकाल कर लाइनमैन राकेश को गोली मार दी, जो पेट में लगी। वारदात के बाद आरोपी वहां से भाग गए। गोली की आवाज सुनकर बिजली घर में मौजूद अन्य कर्मचारी व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल लाइनमैन को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सरधना थाना प्रभारी फोर्स के साथ पहले मौके पर पहुंचे और फिर अस्पताल जाकर लाइनमैन से घटना की जानकारी ली। सरधना थाना प्रभारी ने बताया, लाइनमैन के परिजनों की तहरीर पर छूर गांव निवासी आरोपी युवक अंकुश, उसके पिता व अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। उनकी गिरफ्तारी के लिए एक टीम दबिश दे रही है। थाना प्रभारी ने बताया, प्रारंभिक जांच में यह बात निकल कर आई है कि बिजली का लोड बढ़ाने को लेकर आरोपी लाइनमैन पर दबाव बना रहे थे और पहले भी मोबाइल पर मुंह भाषा हो चुकी थी। थाना प्रभारी ने बताया, जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


No comments:
Post a Comment