सांसद अरूण गोविल ने छावनी परिषद में चुनाव कराने की मांग की
मेरठ।सांसद अरुण गोविल ने दिल्ली में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। उन्होंने मेरठ छावनी परिषद के चुनाव कराने और स्वास्थ्य सुविधाओं के उन्नयन सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
सांसद गोविल ने मांग की कि मेरठ छावनी बोर्ड में लोकतांत्रिक प्रक्रिया बहाल करने के लिए चुनाव फिर से कराए जाएं। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित होगी और बोर्ड का संचालन अधिक पारदर्शी व उत्तरदायी बनेगा।इसके अतिरिक्त, उन्होंने आबूलेन स्थित केंद्रीय स्वास्थ्य सेवा केंद्र को छावनी अस्पताल भवन में स्थानांतरित करने का सुझाव दिया। सांसद ने तर्क दिया कि इस कदम से छावनी क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।सांसद ने रक्षा मंत्री से छावनी अस्पताल को आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और उच्चीकरण की भी अपील की। उन्होंने जोर दिया कि आधुनिक उपकरण और बेहतर ढांचा क्षेत्र की बड़ी आबादी को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करेगा।सांसद अरुण गोविल ने बताया कि रक्षामंत्री ने सभी मुद्दों को गंभीरता से लिया है। राजनाथ सिंह ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।


No comments:
Post a Comment