59.26 करोड़ रुपये की लागत से बेगमपुल से गांधी बाग तक बनेगा दो लेन फ्लाई ओवर
सेतू निगम ने 700 मीटर लंबे फ्लाईओवर के लिए डीपीआर बनाकर शासन को भेजी
फ्लाई ओवर बनने से बेगमपुल पर वाहनों का दबाव होगा कम
मेरठ। बेगमपुल से गांधी बाग तक दो लेन फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव तैयार हो गया है। सेतु निगम ने 700 मीटर लंबे फ्लाईओवर के लिए 59.26 करोड़ रुपये की डीपीआर शासन को भेज दी है। मंजूरी मिलते ही सेना और आरआरटीएस से एनओसी की प्रक्रिया शुरू होगी।
बेगमपुल से गांधी बाग तक बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए टैंक चौराहे पर दो लेन का फ्लाईओवर बनेगा। सेतु निगम ने 700 मीटर लंबे फ्लाईओवर का लेआउट तैयार कर शासन को भेज दिया है। इसके लिए 59 करोड़ 26 लाख रुपये का बजट प्रस्ताव भी तैयार किया गया। शासन से मंजूरी मिलते ही सेना और आरआरटीएस से एनओसी लेने की प्रक्रिया शुरू होगी।टैंक चौराहे पर बेगमपुल, माल रोड और रुड़की रोड से आने-जाने वाले भारी और हल्के वाहनों का दबाव यहां हर समय बना रहता है। मेट्रो संचालन शुरू होने के बाद जाम की स्थिति और बिगड़ने की आशंका है। ट्रैफिक पुलिस की तैनाती, बैरिकेडिंग और रास्तों के विभाजन जैसी व्यवस्थाओं के बावजूद यहां जाम रहता है। स्थानीय लोगों का मानना है कि फ्लाईओवर बनने से न केवल टैंक चौराहा, बल्कि पूरी रुड़की रोड जाम से मुक्त हो जाएगी।
कैंट विधायक ने दिया था फ्लाईओवर का प्रस्ताव
कुछ समय पहले कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने इस समस्या को गंभीरता से उठाते हुए फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव दिया था।उनके प्रस्ताव पर सेतु निगम की टीम ने क्षेत्र का सर्वे कर भूमि की पैमाइश की और चिराग स्कूल चौराहा से गांधीबाग कंकरखेड़ा रोड तक फ्लाईओवर का विस्तृत ले-आउट तैयार किया। सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक रित्विक श्रीवास्तव ने बताया कि प्रस्ताव शासन के पास विचाराधीन है और जल्द ही आगे की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
बोले जनप्रतिनिधि
हमने जनता हित में कई प्रस्ताव दिए हैं। टैंक चौराहा फ्लाईओवर उनमें से एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव है। उम्मीद है कि सरकार जल्द इसे मंजूरी देगी। यह फ्लाईओवर शहर के लिए वरदान साबित होगा।
- अमित अग्रवाल, विधायक।


No comments:
Post a Comment