बिग बॉस 19 का खिताब गौरव खन्ना के नाम

 50 लाख जीतकर बने विनर; ग्रैंड फिनाले में सलमान की भावुक यादें

मुंबई । टीवी के इतिहास के सबसे बड़े और बहुचर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस 19'  के रोमांचक सफर का आखिरकार रविवार रात भव्य ग्रैंड फिनाले के साथ समापन हो गया। इस सीजन का प्रतिष्ठित खिताब लोकप्रिय अभिनेता गौरव खन्ना ने अपने नाम कर लिया है। दर्शकों के भारी वोटिंग समर्थन के दम पर गौरव खन्ना को 'बिग बॉस 19' का विजेता घोषित किया गया, जिसके साथ उन्हें ट्रॉफी और 50 लाख रुपये की ईनाम राशि प्रदान की गई। नोएडा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तमाम हिस्सों में मौजूद गौरव के फैंस उनकी इस जीत से बेहद उत्साहित हैं और सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार बधाई संदेश दे रहे हैं।

फरहाना भट्ट को हराकर गौरव खन्ना ने यह जीत हासिल की। जनता ने सबसे ज्यादा वोट देकर उन्हें जीत दिलाया। दोनों ने शानदार तरीके से गेम खेला और सभी को पीछे छोड़ते हुए टॉप-2 कंटेस्टेंट बने। कानपुर के सिविल लाइंस के रहने वाले गौरव खन्ना ने टीवी इंडस्ट्री में दो दशक से अधिक समय तक अपनी पहचान बनाई है। उनका जन्म 11 दिसंबर 1981 को हुआ और उन्होंने स्कूलिंग के बाद मुंबई जाकर एमबीए की पढ़ाई पूरी की।

शुरुआती करियर में उन्होंने एक आईटी फर्म में मार्केटिंग मैनेजर के रूप में काम किया, लेकिन उनका रुझान हमेशा अभिनय की दुनिया की ओर था। उन्होंने टीवी शो और विज्ञापनों में काम किया। उनका पहला प्रमुख टीवी शो 'भाभी' था, जिसके बाद उन्होंने 'कुमकुम: एक प्यारा सा बंधन', 'मेरी डोली तेरे अंगना', 'जीवनसाथी: हमसफर जिंदगी के', 'सीआईडी', और 'प्रेम या पहेली: चंद्रकांता' जैसे शो में काम किया। साल 2021 में उन्हें सुपरहिट शो 'अनुपमा' के जरिए पहचान मिली, जिसमें उन्होंने अनुज कपाड़िया का किरदार निभाया। इस शो में गौरव को मुख्य भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का इंडियन टेली अवॉर्ड भी मिला। गौरव खन्ना का खेल 'बिग बॉस-19' में उनकी सूझबूझ, शांत स्वभाव और रणनीति का सटीक उदाहरण है।

बिग बॉस को लेकर अक्सर लोगों की सोच है कि जो चिल्लाकर या जोर-जोर से अपनी बातें रखता है, वही जीत की तरफ बढ़ता है, लेकिन गौरव ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने शुरू से ही अपने आपको शांत रखा, बिना शोर मचाए और बिना किसी विवाद में उलझे, उन्होंने घर के हर सदस्य की हर चाल का ध्यान रखा। उनका गेम प्लान 'साइलेंट बट डेडली' का रहा। उन्होंने कम बोला, लेकिन जब भी अपनी बात रखी, उसका असर पूरे घर पर हुआ। गौरव खन्ना ने कई बार यह साबित किया कि वे अपनी रणनीति के दम पर खेल को पलटते थे। उन्होंने अपनी समझदारी से कई टास्क में जीत हासिल की और जरूरत पड़ने पर खड़े होकर दोस्तों को भी बचाया। उनके व्यवहार में संयम, धैर्य और सूझबूझ साफ दिखाई दी। उन्हें घर के अन्य कंटेस्टेंट्स ने कई बार 'गेम प्लानर' और 'चालाक' जैसे टैग भी दिए। 

गौरव खन्ना ने अपनी शानदार रणनीति, बेहतरीन सोशल गेम और घर के अंदर हर चुनौती को संयम से संभालने की क्षमता के कारण दर्शकों के बीच एक मजबूत जगह बनाई। फिनाले में उनकी जीत यह साबित करती है कि वे सीजन के सबसे योग्य दावेदार थे।

फिनाले में सलमान हुए भावुक, स्टार्स का जमावड़ा

ग्रैंड फिनाले में मेज़बान सलमान खान ने कई बड़े खुलासे किए। सलमान ने विजेता गौरव खन्ना के साथ भविष्य में एक खास प्रोजेक्ट पर काम करने की घोषणा की। इस दौरान, सलमान खान अपने दोस्त और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को याद कर भावुक हो गए, जिनका जन्मदिन आज 08 दिसंबर को है। फिनाले की रौनक बढ़ाने के लिए कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे अपनी आगामी फिल्म 'तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी' का प्रमोशन करने पहुंचे। इसके अलावा, सनी लियोनी और करण कुंद्रा ने 'एमटीवी स्प्लिट्सविला' के नए सीजन के प्रचार के लिए मंच साझा किया।

 ग्रैंड फिनाले की प्रमुख बातें

ग्रैंड फिनाले में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने विजेता की घोषणा की। इस दौरान कई भावुक और मनोरंजक पल देखने को मिले:

सलमान खान का वादा: सलमान खान ने गौरव खन्ना की जीत की तारीफ करते हुए घोषणा की कि वे जल्द ही उनके साथ एक खास प्रोजेक्ट पर काम करेंगे।

धर्मेंद्र को याद किया: शो के मेज़बान सलमान खान दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को याद कर भावुक हो गए। सलमान ने बताया कि आज 8 दिसंबर को उनका जन्मदिन है।

सितारों का प्रमोशन: कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे अपनी आगामी फिल्म 'तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी' के प्रमोशन के लिए पहुंचे। वहीं, सनी लियोनी और करण कुंद्रा ने 'एमटीवी स्प्लिट्सविला' के नए सीजन का प्रमोशन किया।

गौरव की जीत ने साबित कर दिया है कि लगन, रणनीति और फैंस का भरपूर प्यार मिलकर किसी को भी सफलता के शिखर पर पहुँचा सकता है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts