व्यापारियों ने पश्चिमी यूपी बंद को दिया समर्थन

केंद्रीय संघर्ष समिति ने 17 दिसंबर को प्रोटेस्ट का किया है ऐलान

 मेरठ। हाई कोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर केंद्रीय संघर्ष समिति ने अगले माह  17 दिसंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पूर्ण बंद का आह्वान किया है। इस बंद को सफल बनाने के लिए समिति के पदाधिकारियों और वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने व्यापारियों से समर्थन मांगा, जिसे विभिन्न व्यापार संघों ने स्वीकार कर लिया है।

आबूलेन, सदर और पीएल शर्मा रोड के व्यापार संघों के साथ-साथ मेरठ व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बंद में शामिल होने की घोषणा की है। व्यापारी नेताओं का कहना है कि हाई कोर्ट बेंच की स्थापना से जनता को सस्ता और सुलभ न्याय मिल सकेगा।पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच की मांग को लेकर लगभग 50 वर्षों से आंदोलन चल रहा है, लेकिन यह मांग अभी तक पूरी नहीं हुई है।हाई कोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति ने हाल ही में कैराना में एक बैठक के दौरान 17 दिसंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पूर्ण रूप से बंद रखने की घोषणा की थी। समिति ने 26 नवंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी सांसदों के आवास पर धरना देकर सदन में हाई कोर्ट बेंच की मांग उठाने की अपील करने का भी निर्णय लिया था।

बंद को सफल बनाने के लिए राजनीतिक, गैर-राजनीतिक, व्यापारिक और सामाजिक संगठनों के साथ-साथ आम जनता का भी सहयोग लेने का निर्णय लिया गया है। केंद्रीय संघर्ष समिति के चेयरमैन संजय शर्मा और संयोजक राजेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने आबूलेन पहुंचकर विभिन्न व्यापार संघों के नेताओं से मुलाकात की।इस प्रतिनिधिमंडल ने आबूलेन व्यापार संघ के आकाश खन्ना और महामंत्री राजबीर सिंह, पीएल शर्मा रोड व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय गोयल, सदर व्यापार मंडल के महामंत्री विक्की दुआ, मेरठ व्यापार मंडल के अध्यक्ष जीतू सिंह नागपाल, और आबूलेन केंद्रीय व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय माहेश्वरी एवं उपाध्यक्ष अतुल गुप्ता सहित कई व्यापारी नेताओं से समर्थन की अपील की। व्यापार संघ के महामंत्री सरदार राजबीर सिंह ने पुष्टि की कि 17 दिसंबर का बंद जनहित से जुड़ा कदम है और आबूलेन व्यापार संघ इसे पूर्ण नैतिक समर्थन प्रदान करता है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts