चिप्स-कुरकुरे गोदाम में लगी भीषण आग से लाखों का नुकसान
फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन दमकल की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र के एक गोदाम में बुधवार रात भीषण आग लग गई। सूचना पाकर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया गया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। शार्ट सर्किट आग की वजह बताई जा रही है।
देर रात लगी गोदाम में आग
गढ़ रोड पर सराय मोड़ के निकट एक गोदाम बना है। यह गोदाम कपिल गुप्ता व गौरव गुप्ता का बताया जा रहा है जो रात के समय बंद था। करीब 10 बजे कुछ लोगों ने गोदाम से आग की लपटें उठते देख शोर मचा दिया। इसके बाद लोगों की भीड़ जमा होती चली गई। कुछ लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग भड़कती चली गई।
दमकल की छह गाड़ी मौके पर पहुंची
आग की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम से सीधे पुलिस लाइन फायर स्टेशन को दी गई। कुछ ही देर में एफएसओ राम कृपाल सिंह छह फायर टेंडर लेकर मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने की मशक्कत में जुट गए।
दरवाजा तोड़कर शुरु हुआ काम
काफी बड़ा गोदाम था जो भरा हुआ था। चर्चा यह भी है कि पटाखे से यह आग लगी हालांकि एफएसओ ने इंकार किया। फायर टीम ने पहुंचकर सबसे पहले गोदाम का दरवाजा तोड़ा। तब तक आग विक्राल रूप ले चुकी थी। आग बुझाने में दमकलकर्मियों को काफी दिक्कत उठानी पड़ रही थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो
आग लगने के करीब डेढ़ घंटे बाद ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। गोदाम के आस पास लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। दमकलकर्मी आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। गोदाम में आग की लपटें साफ दिखाई दे रही थीं।
शॉर्ट सर्किट आग की वजह : एफएसओ
एफएसओ राम कृपाल सिंह ने बताया कि गोदाम पर लिंटर है। सभी दरवाजे भी बंद मिले हैं। ऐसे में पटाखे से आग लगने की संभावना कम है। प्रथम दृष्टया मामला शार्ट सर्किट का प्रतीत हो रहा है। सुबह दोबारा निरीक्षण के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।


No comments:
Post a Comment