भाजपा नेता और प्रधान पक्ष में चले धारदार हथियार

पथराव; कई लोग घायल, कार के भी तोड़े शीशे 

सरधना। सरधना थाना क्षेत्र के रार्धना गांव में बुधवार को भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष और ग्राम प्रधान समर्थकों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद भड़क गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में धारदार हथियार चल गए और जमकर पथराव हुआ। घटना में दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां दो को गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया।

रार्धना निवासी संदीप कुमार पुत्र जनम सिंह, जो भाजपा के बूथ अध्यक्ष एवं किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष हैं, का कुछ माह पूर्व बच्चों को लेकर विवाद हुआ था। तब गांव में समझौता करा दिया गया था। बुधवार को संदीप अपने घेर में मौजूद था। आरोप है कि ग्राम प्रधान पक्ष के लोगों ने रंजिशन घेर के बाहर लगे पंचायत सीसीटीवी कैमरे को कपड़े से ढकवाया और उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोपियों ने बाहरी लोगों को भी बुलाया था, जो हथियारों से लैस होकर कार से पहुंचे थे।

पथराव और हमले में भाजपा पक्ष से संदीप कुमार, रूपेंद्र पुत्र मोहर सिंह, जय कुमार पुत्र इशम सिंह, मुकुल पुत्र अरविंद कुमार, चंद्रपाल पुत्र बाबू सिंह घायल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान पक्ष उनसे राजनीतिक द्वेष रखता है।

दूसरी ओर आशु सोम पुत्र सुनील कुमार ने बताया कि दीपावली के अगले दिन भी आरोपियों ने उस पर हमला किया था। बुधवार को भी वे बात करने के बहाने घर पहुंचे और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस पक्ष से आशु सोम, सुनील कुमार व भूपेंद्र सिंह पुत्रगण धर्मवीर घायल हुए। चिकित्सकों ने जय कुमार और भूपेंद्र को गंभीर हालत में रेफर किया है।

घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को सीएचसी सरधना भिजवाया। भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष ने बताया कि आरोपितों ने उनके घर में खड़ी कार के शीशे भी तोड़ दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस देर से पहुंची और अब उन्हीं के समर्थकों को हिरासत में लिया जा रहा है।

वहीं, ग्राम प्रधान विश्वास उर्फ बबलू ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि दोनों पक्ष एक ही परिवार के हैं और इस विवाद से उनका कोई संबंध नहीं है। पुलिस ने दोनों पक्षों से तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts