जिले में दीपावली के बाद बढ़ा प्रदूषण ,एयर क्वालिटी इंडेक्स 325
सुबह से धुंध छाई हवा बहुत खराब हुई, सांस के मरीजों को हो रही दिक्कत
मेरठ। दीपावली के चार दिन बाद भी मेरठ की हवा में अब तक सुधार नहीं हुआ है। लगातार प्रदूषण का स्तर बढ़ता ही जा रहा है। शुक्रवार दोपहर शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 325 रिकॉर्ड किया गया, ये बहुत खराब स्थिति मानी जाती है। ये हवा सांस और हृदय रोगियों के लिए खतरनाक है।
शहर में दीपावली पर लोगों ने जमकर पटाखे छोड़े। पटाखों से निकले धुएं और रासायनिक कणों ने शहर के वातावरण को भारी रूप से प्रदूषित कर दिया। दीपावली के बाद भी कई इलाकों में लोगों ने आतिशबाजी की, जिससे प्रदूषण का स्तर कम होने की बजाय और बढ़ गया।
सुबह छा जाती है धुंध
सुबह के समय शहर में घनी धुंध के बीच सूरज निकलता दिखाई देता है। जय भीम नगर, पल्लवपुरम और गंगानगर में AQI 300 से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल हालात में सुधार के आसार कम हैं। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ हवा की गुणवत्ता और खराब हो सकती है।
तापमान हो रहा प्रभावित
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल मेरठ में दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक बना हुआ है, जबकि रात में गिरावट दर्ज की जा रही है। तीन से चार दिन तक यही उतार-चढ़ाव रहेगा, जिसके बाद ठंडक और नमी बढ़ेगी। मौसम में यह बदलाव प्रदूषण के कणों को सतह के पास रोक सकता है, जिससे हवा और अधिक दूषित हो सकती है।


No comments:
Post a Comment