वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गिरिराज प्रसाद तिवारी का 104 वर्ष की आयु में निधन
भरतपुर के सेवर फार्म पर ली अंतिम सांस
भरतपुर। राजस्थान विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता गिरिराज प्रसाद तिवारी का शुक्रवार सुबह भरतपुर के सेवर फ़ार्म पर निधन हो गया। वे 104 वर्ष के थे।
गिरिराज प्रसाद तिवारी का जन्म 5 दिसम्बर 1920 को भरतपुर जिले के बयाना उपखंड के बिडियारी गांव में हुआ था। विधि स्नातक तिवारी ने वकालत के साथ-साथ स्वतंत्रता आंदोलन में भी सक्रिय भागीदारी की थी। उन्होंने राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय योगदान दिया। वे 1972 में बयाना विधानसभा क्षेत्र से तथा 1985 में भरतपुर से विधायक निर्वाचित हुए। वर्ष 1982 में वे भरतपुर के जिला प्रमुख बने। इसके बाद 29 मार्च 1985 को विधानसभा के उपाध्यक्ष चुने गए। हालांकि 31 जनवरी 1986 को उन्होंने इस पद से त्यागपत्र दे दिया और उसी दिन सर्वसम्मति से राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वे 15 मार्च 1990 तक इस पद पर रहे।
अपने कार्यकाल में उन्होंने लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सरलता, ईमानदारी और जनसेवा को क्षेत्र के लोग आज भी याद करते हैं।


No comments:
Post a Comment