कड़े सुरक्षा बंदोबस्त और सीसीटीवी की निगरानी में होगी PET 2025 परीक्षा

यूपीअधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डा. एसएन साबत ने मेरठ ​और सहारनपुर मंडल के अधिकारियों के साथ बैठक की

6 और 7 सितम्बर को आयोजित होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा की तैयारियों को लेकर नोडल अधिकारियो को दिए विस्तृत दिशा-निर्देश

मेरठ। छह और सात सितंबर को होने वाली उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2025 (पीईटी) की तैयारियों को लेकर आयोग के अध्यक्ष डा. एसएन साबत ने मेरठ व सहारनपुर मंडल के ​वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में बैठक की। इसमें ​उन्होंने ​बिन्दुवार चर्चा की और कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के साथ सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।

यूपी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डा. एसएन साबत के आगमन पर सर्किट हाऊस में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। साथ ही एडीजी भानु भास्कर समेत सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने अध्यक्ष को सम्मानित किया। बैठक में अध्यक्ष ने 6 व 7 सितम्बर को दोनों दिन दो-दो पालियों में आयोजित होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा के संबंध में हर बिन्दु की समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा के संबंध में सभी नोडल अधिकारियों से कहा कि परीक्षा निर्देशिका का अध्ययन करते हुए दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। परीक्षा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक कदम उठाएं जाएं। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा के दृष्टिगत सेक्टर, स्टैटिक, जोनल मजिस्ट्रेट, केंद्र प्रभारी एवं अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाते हुए समय से प्रशिक्षण कराया जाए तथा निर्देशिका में दिए गए बिन्दुओं के बारे में विस्तृत रूप से समझाया जाए। कोषागार में प्रश्न पत्र के सुरक्षित रख-रखाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े प्रबंध किए जाएं। परीक्षा से संबंधित प्रत्येक प्वांइट पर पर्याप्त पुलिस फोर्स व अन्य सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाए। उन्होने कहा कि दोनों दिवस में बड़ी संख्या में जनपद में परीक्षार्थियों का आवागमन होगा, सुरक्षा मानकों के दृष्टिगत रेलवे स्टेशन, बस अड्डों आदि स्थानों का पूर्व में ही चिन्हांकन करते हुए कदम उठाए जाएं। परीक्षा केन्द्रों पर लगे हुए सभी अधिकारी, कर्मचारी समय से पहुंचे तथा परीक्षार्थियोंं का प्रवेश, निकास, चेकिंग आदि व्यवस्थाओं के संबंध में दिए गए निर्देशों का अनुपालन किया जाए। अध्यक्ष ने परीक्षा केन्द्रों में सीसीटीवी कैमरा, बैठने की व्यवस्था, पीने का पानी, विद्युत व्यवस्था, प्रश्न पत्र वितरण, प्रश्न पत्र जमा करना, सुरक्षा व्यवस्था इत्यादि बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए समस्त व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीजी भानु भास्कर, कमिश्नर मेरठ हृषिकेश भास्कर यशोद, डीआईजी कलानिधि नैथानी, डीएम मेरठ डा वीके सिंह, एसएसपी डा. विपिन ताडा, एसपी ट्रैफिक राघवेन्द्र मिश्रा, एडीएम सिटी बृजेश सिंह, मुख्य कोषाधिकारी वरूण खरे, डीआईओएस राजेश कुमार, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार समेत मेरठ व सहारनपुर मंडल के सभी जनपदों के वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts