अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई लोकसभा
- एसआईआर के मुद्दे पर जारी रहा गतिरोधओम बिरला ने हंगामा करने पर विपक्ष को लगाई फटकार
नई दिल्ली (एजेंसी)।संसद में एसआईआर के मुद्दे पर गतिरोध बना रहा, हालांकि अदालत में विचाराधीन होने के चलते इस पर संसद में चर्चा नहीं हो सकी। गुरुवार को संसद के आखिरी दिन भी विपक्ष एसआईआर के मुद्दे पर चर्चा की मांग पर अड़ा रहा और हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही नहीं चल सकी। जिसके बाद लोकसभा स्पीकर ने विपक्ष को लताड़ लगाई और सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि सदन में विपक्ष का आचरण लोकतंत्र के मूल्यों के अनुरूप नहीं रहा। ये संसद की गरिमा के अनुसार नहीं है। देश की जनता देख रही है कि किस तरह से अहम मुद्दों पर चर्चा को बाधित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस सत्र में 419 सवाल किए गए, जिसमें से सिर्फ 55 के मौखिक उत्तर दिए जा सके। पूरे सत्र के दौरान चर्चा का समय 120 घंटे निर्धारित किया गया था, लेकिन 37 घंटे ही चर्चा हो सकी। लोकसभा में 12 विधेयक पारित हुए।
'यह सभी के लिए आत्मचिंतन का समय'
इससे पहले गुरुवार को सुबह 11 बजे शुरू हुई लोकसभा की कार्यवाही तुरंत ही स्थगित कर दी गई। इसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे फिर शुरू हुई, जिसमें ओम बिरला ने इस बात पर खेद व्यक्त किया कि पूरे सत्र के दौरान बार-बार कार्यवाही बाधित करने के प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि यह सभी के लिए आत्मचिंतन का समय है, क्योंकि महीने भर चले सत्र के दौरान ज्यादा चर्चा नहीं हो सकी।
गौरतलब है कि यह सत्र 21 जुलाई को शुरू हुआ था, जिसमें पूरा विपक्ष बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चर्चा की मांग को लेकर रोज कार्यवाही बाधित करता रहा। अपने समापन भाषण के बाद बिरला ने सदन की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी।


No comments:
Post a Comment