मुजफ्फरनगर में नम आंखों से विदाई

 माता वैष्णो देवी हादसे में 6 शवों का दिल दहला देने वाला अंतिम संस्कार, पूरे शहर में छाया मातम

मुजफ्फरनगर। माता वैष्णो देवी में हुए लैंडस्लाइड में मुजफ्फरनगर जनपद के 7 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से कार्तिक नामक युवक का शव दो दिन पहले रात मुजफ्फरनगर पहुंचा था, जिसका अंतिम संस्कार कल उसके गांव तिरपडी में किया गया। वहीं, देर रात जम्मू से 6 और लोगों के शव मुजफ्फरनगर पहुंचे, जिनका आज भारी भीड़ और नम आंखों के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

नगर कोतवाली क्षेत्र के रामपुरी मोहल्ले से 23 लोगों का एक समूह माता वैष्णो देवी दर्शन के लिए गया था। दर्शन के बाद लौटते समय रास्ते में लैंडस्लाइड की चपेट में आने से ये पूरा समूह हादसे का शिकार हो गया। इस दर्दनाक घटना में 9 वर्षीय अनंत और उसके भाई दीपेश, 45 वर्षीय रामवीर और उसकी बेटी अंजलि, 45 वर्षीय ममता और उसकी बेटी आकांक्षासमेत कई लोगों की मौत हुई। साथ ही 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

पीड़ित परिवार के सदस्य सुमित कुमार ने बताया कि तीन परिवारों के सदस्य मृत पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि शवों को ढूंढने और लाने में उन्हें काफी दिक्कतें और दर्द झेलना पड़ा। उन्होंने कहा, "हमने कई शव देखे और अंत में अपने परिवार के लोगों के शव ढूंढे। स्थिति बहुत बुरी थी।"

पूर्व सांसद कादिर राणा ने कहा कि वे नम आंखों से इस अंतिम यात्रा में शामिल हुए हैं। उन्होंने बताया कि यह मुजफ्फरनगर में पहली बार हुआ है कि छह शवों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। उन्होंने कहा कि वे पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करते रहेंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts