दिल्ली हाईकोर्ट में तीन नए न्यायाधीशों ने ली पद की शपथ
नई दिल्ली (एजेंसी)।दिल्ली हाई कोर्ट में तीन नवनियुक्त न्यायाधीशों शैल जैन, मधु जैन और विनोद कुमार को गुरुवार को औपचारिक रूप से शपथ दिलाई गई। इससे न्यायालय में कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 43 हो गई, जबकि स्वीकृत कुल न्यायाधीशों की संख्या 60 है। इससे पहले हाईकोर्ट में सोमवार को छह नए न्यायाधीशों ने शपथ ग्रहण की थी।
दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने न्यायमूर्ति विनोद कुमार, न्यायमूर्ति शैल जैन और न्यायमूर्ति मधु जैन को पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह उच्च न्यायालय परिसर में आयोजित किया गया।
वहीं, सोमवार को मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव, न्यायमूर्ति नितिन वासुदेव संभ्रे, न्यायमूर्ति विवेक चौधरी, न्यायमूर्ति अनिल क्षत्रपाल, न्यायमूर्ति अरुण कुमार मोंगा और न्यायमूर्ति ओम प्रकाश शुक्ल को शपथ दिलाई। न्यायमूर्ति चौधरी ने हिंदी में शपथ ली, जबकि अन्य पांच न्यायाधीशों ने अंग्रेजी में शपथ ग्रहण की।
No comments:
Post a Comment