प्रदेश में बदला मौसम, गोरखपुर-बस्ती में गिरे ओले
अयोध्या में तेज आंधी, लखनऊ-कानपुर में बादल
लखनऊ (एजेंसी)।प्रदेश में गुरुवार को एक बार फिर मौसम अचानक बदल गया। गोरखपुर में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। 10 मिनट तक ओले भी गिरे। सड़क पर ओले की सफेद चादर बिछ गई। बस्ती में भी सुबह 10 बजे तेज आंधी के बाद बारिश और ओले गिरे। यहां भी करीब 10 मिनट तक ओले गिरे। अयोध्या में सुबह तेज आंधी आई। यहां दिन में अंधेरा जैसा छा गया।
लखनऊ, कानपुर और वाराणसी में भी सुबह से बादल छाए हैं। 20-25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने आज 30 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 4 मई तक प्रदेश के मौसम में इसी तरह उलटफेर होता रहेगा। बारिश के चलते तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट होगी।
प्रयागराज में गर्मी और तेज धूप को देखते हुए स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि एक से आठवीं तक के स्कूल सुबह 7 से 11:30 बजे तक रहेंगे। बुधवार की बात करें तो जालौन का उरई सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
41 डिग्री के साथ बांदा और लखीमपुर जिलों का स्थान दूसरा रहा। शाहजहांपुर सबसे ठंडा जिला रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री दर्ज किया गया। बहराइच और चित्रकूट में 44 किमी की स्पीड से हवाएं चलीं।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- इस समय दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक शुष्क रेखा मौजूद है, जो केरल तक जा रही है। इसके प्रभाव में पूरा उत्तर प्रदेश आ रहा है। इसके साथ ही एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमीयुक्त हवाएं और दक्षिण-पश्चिमी हवाएं आपस में टकरा रही हैं। इसी कारण मौसम में यह बदलाव आया है।
No comments:
Post a Comment