शहर के बीच युवक की गोली मारकर हत्या
बीजेपी झंडा लगी स्कार्पियों सवार युवकों ने दिया घटना को अंजाम
गर्लफ्रेंड को लेकर चल रहा था दोनो पक्षों में विवाद
प्रयागराज। प्रयागराज के ममफोर्डगंज में स्कार्पियों सवार युवकों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या का कारण गर्लफेंड फिलहाल पुलिस मानकर चल रही है। पुलिस ने शव को पीएम में भेजते हुए स्कार्पियों सवार युवकों की तलाश आरंभ कर दी है।
घटना बीती रात कर्नलगंज थाना क्षेत्र के फौव्वारा चौराहे की है। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को बेली अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान शशांक सिंह यादव (24) नवाबगंज के कौड़िहार थाने के गांव जगदीशपुर के रूप में हुई।
एसीपी कर्नलगंज राजीव यादव ने बताया- काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।पुलिस की पूछताछ में हत्या का कारण गर्लफ्रेंड को लेकर सामने आया है। बताया जा रहा है कि शशांक और आरोपी शुभम उपाध्याय पहले से दोस्त थे। लेकिन इनकी दोस्ती गर्लफ्रेंड को लेकर दुश्मनी में बदल गई थी। शशांक की गर्लफ्रेंड को शुभम परेशान कर रहा था। इसे लेकर भी दोनों के बीच पहले भी मारपीट हो चुकी है।शशांक की गर्लफ्रेंड को शुभम कॉल करके परेशान करता था। कई बार उसका पीछा करके भी परेशान करता था। इस बात शशांक ने अपने दोस्तों से भी बताई थी। इसी बात को लेकर सोमवार को भी झगड़ा हुआ था।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी शशांक सिंह तेलियरगंज में किराए का कमरा लेकर रहता था। प्राइवेट नौकरी कर रहा था। सोमवार रात सिविल लाइंस स्थित मार्केट में दो-तीन युवकों के साथ खड़ा था। उसी समय स्कॉर्पियो सवार युवक आए और शशांक से मारपीट करने लगे।वहां झगड़ा होने के बाद शशांक बाइक लेकर भागा। हमलावरों ने उसका पीछा किया और ममफोर्डगंज में फव्वारा चौराहे के पास रोक लिया। पहले मारपीट की इसके बाद शशांक के सीने में गोली मार दी।पुलिस जांच में पता चला कि मृतक शशांक सिंह पर कर्नलगंज समेत कई थानों में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस घटनास्थल समेत अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर स्कॉर्पियो की पहचान करने में जुट गई है।
घटना के बाद पुलिस ने सबसे पहले नवाबगंज के कौड़िहार थाने के गांव जगदीशपुर निवासी शशांक की मां को सूचना दी। लेकिन देर रात करीब दो बजे तक भी शशांक की मां अस्पताल नहीं पहुंच सकी थीं। जबकि मौसी समेत अन्य रिश्तेदार बेली अस्पताल पहुंच गए थे। मामा सचिन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मेरा भांजा अमन उर्फ शशांक किसी काम से बीएसए आफिस गया था। वहां पर पहले से मौजूद काले रंग की गाड़ी में बैठे शुभम उपाध्याय उर्फ शुभम बीएचएस, उसके साथी सूरजभान, देवेश, अनसुल सिंह यादव, शशांक पंडित, यश पांडेय और 3 से 4 अज्ञात लोग बैठे थे। वो लोग गाड़ी से उतरकर शशांक को गाली देने लगे। फिर लात घूसों से मारा पीटा।
मामा ने बताया- उसी में से किसी ने अमन उर्फ शशांक को गोली मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। मामा ने बताया- भांजा अमन उर्फ शशांक नवाबगंज के कौड़िहार थाने के जगदीशपुर गांव का रहने वाला था।
घर का इकलौता लड़का था शशांक, शादी की चल रही थी तैयारी
मौसी आरती ने बताया कि पुलिस ने फोन किया तो बेली अस्पताल पहुंची। मुझे कुछ पता नहीं है कि किसने क्या किया है। किसकी क्या गलती है, शशांक घर का इकलौता लड़का था। उसकी एक बहन है, जबकि पिता शिवशंकर बांदा जिले में सेल टैक्स विभाग में सीटीओ के पद पर कार्यरत हैं। उसकी शादी की बात भी चल रही थी।
डीसीपी नगर अभिषेक भारती ने बताया कि फिलहाल घटना का कारण साफ नहीं है। हमलावर के तौर पर शुभम उपाध्याय का नाम सामने आया है। मृतक और आरोपी के बीच किसी बात को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। हालांकि विवाद किस बात को लेकर है, यह स्पष्ट नहीं है। मृतक के दो दोस्त भी कुछ बता नहीं पा रहे हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है।
No comments:
Post a Comment