राम रहीम को फिर मिली 30 दिन की पैरोल-
नाैंवी बार आया सुनारिया जेल से बाहर
रोहतक (एजेंसी)।साध्वी यौन उत्पीड़न केस में सुनारिया जेल में सजा काट रहा सिरसा डेरा प्रमुख नौवीं बार पैरोल पर जेल से बाहर आ गया है। दिल्ली चुनाव से पहले राम रहीम को 30 दिन की पैरोल मिल गई है। राम रहीम रोहतक जेल से सिरसा के लिए रवाना हो गया है।
जेल जाने के बाद पहली बार राम रहीम सिरसा स्थित अपने आश्रम जा रहा है। इससे पहले जितनी बार राम रहीम को पैरोल मिली, वह यूपी के बरनावा आश्रम जाता था।
राम रहीम मंगलवार सुबह करीब 6:36 बजे जेल से हनीप्रीत के साथ रवाना हुआ। पहले भी लोकसभा और विधानसभा चुनाव से पूर्व राम रहीम पैरोल पर बाहर आ चुका है। वहीं हरियाणा में निकाय चुनाव है। इस बार पैरोल के दाैरान राम रहीम सिरसा में रहेगा।
2017 में यौन शोषण और हत्या के आरोप तय होने के बाद राम रहीम को उम्र कैद की सजा सुनाई गई थी। उसके बाद से वह रोहतक स्थित सुनारिया जेल में बंद है। हरियाणा विधानसभा चुनाव से पूर्व राम रहीम को यूपी के बागपत स्थित आश्रम में रहने के लिए 20 दिन की फरलो मिली थी।
No comments:
Post a Comment