100 मीटर गहरी खाई में बस गिरी,5 की मौत ,17 घायल
पौड़ी गढ़वाल,एजेंसी। उत्तराखंड में पौड़ी से सेंट्रल स्कूल जाने वाले मार्ग पर शनिवार को बस हादसा हो गया। दहलचोरी जा रही बस सत्याखाल के पास अनियंत्रित हो गई। इससे बस 100 मीटर खाई में जा गिरी।हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हैं। घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया गया। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है। मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
हादसा दोपहर करीब तीन बजे हुआ। मिनी बस पौड़ी बस अड्डे से देहलचौरी के लिए निकली थी। लेकिन, सत्याखाल के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और 100 मीटर खाई में जा गिरी। गिरते समय बस पेड़ से टकराई, जिससे वह और नीचे जाने से रुक गई। हालांकि, हादसे के कारण बस के परखच्चे उड़ गए।स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस में सवार यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया। प्रशासन को सूचना दी।एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची। लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन किया। घायलों को खाई से निकालने के लिए रस्सियों का सहारा लिया गया। सभी को जिला अस्पताल पौड़ी ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने पांच को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान की जा रही है।8 घायलों को श्रीनगर बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि 9 घायलों का इलाज पौड़ी जिला अस्पताल में चल रहा है। घायलों में से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। बस में कुल 22 लोग सवार थे।शुरुआती जांच में सामने आया कि बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया। इससे बस सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस ने बस ड्राइवर और बस मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। परिवहन विभाग बस के फिटनेस सर्टिफिकेट और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
No comments:
Post a Comment