उत्तर भारत में शीत लहर, अलर्ट जारी
दिल्ली में घने कोहरे के साथ ठंड बढ़ी
नई दिल्ली (एजेंसी)।
उत्तर भारत में कडाके की ठंड पड़ना शुरू हो गई है। शुक्रवार को दिल्ली में लोगों की सुबह घने कोहरे के साथ हुई। रात से ही शहर में शीतलहर चल रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। सुबह के समय में शहर में घना कोहरा छाया रहा। यमुना बाजार क्षेत्र और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन सहित कई स्थानों पर लोगों ने रात्रि आश्रय गृहों में शरण ली।
शुक्रवार को शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) भी ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार सुबह 8 बजे राष्ट्रीय राजधानी में एक्यूआई 434 मापा गया था। दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘गंभीर’ और ‘गंभीर-प्लस’ श्रेणियों के बीच रहा। आरके पुरम में 453 और रोहिणी में 452, शादीपुर में 436 और विवेक विहार में 451 एक्यूआई दर्ज किया गया। बता दें कि 0-50 के बीच एक्यूआई को अच्छा माना जाता है, 51-100 को संतोषजनक, 101-200 को मध्यम, 201-300 को खराब, 301-400 को बहुत खराब और 401-500 को गंभीर माना जाता है।
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर शीत लहर से लेकर गंभीर शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी। पंजाब में कुछ स्थानों पर, जम्मू और कश्मीर, हरियाणा और राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर शीत लहर चलने की संभावना है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा रहा। हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बर्फ जम गई है।
No comments:
Post a Comment