हरियाणा के पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला का निधन पांच बार रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री
चंडीगढ़। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला का शुक्रवार को निधन हो गया। इनेलो सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में 89 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली है।
जानकारी के मुताबिक अचानक तबीयत खराब होने की वजह से चौटाला को आज सुबह 11 बजे इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। हालांकि, कुछ ही देर बाद उनका निधन हो गया। बता दें कि वह काफी दिनों से बीमार चल रहे थे।
ओमप्रकाश चौटाला के निधन पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि इनेलो सुप्रीमो एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।
वहीं, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जब वह सीएम थे, मैं विपक्ष का नेता था। हमारे बीच अच्छे संबंध थे। उन्होंने लोगों की सेवा की। वह अभी भी सक्रिय थे। ऐसा नहीं लगा कि वह हमें इतनी जल्दी छोड़ देंगे।
No comments:
Post a Comment