हड़ताल खत्म करने के विरोध में वकीलों ने किया हंगामा
बोले- बिना कार्रवाई के क्यों शुरू कराया न्यायिक कार्य
मेरठ। गाजियाबाद में 29 अक्टूबर को वकीलों पर लाठीचार्ज के विरोध में 2 दिनों से चल रही वकीलों की हड़ताल खुलने से मेरठ में वकीलों ने हंगामा कर दिया। वकीलों का मेरठ बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से कहना है कि उनके बिना बात किए हड़ताल क्यों खत्म कर दी गई। वकीलों का प्रदर्शन जारी है।
हाईकोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर से मंगलवार को लेटर जारी करके 6 नवंबर से न्यायिक कार्य किए जाने की बात कही थी। साथ ही ये भी कहा गया था कि संघर्ष समिति गाजियाबाद बार एसोसिएशन के साथ है।बुधवार को कचहरी में हड़ताल खत्म किए जाने पर वकीलों का एक गुट एकत्र हो गया। नारेबाजी शुरू कर दी। वकील पुतला लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। हंगामा जारी है।
गाजियाबाद कोर्ट रूम में 29 अक्टूबर को वकीलों और जिला जज के बीच बहस के बाद कहासुनी हो गई थी। हंगामा हो गया था। पुलिस ने कोर्टरूम में वकीलों पर लाठीचार्ज कर दिया था। जिला जज को पुलिस अधिकारी वकीलों के बीच से निकालकर ले गए थे।
वकील इस मामले में जिला जज और पुलिस अधिकारियों के तबादले की मांग कर रहे हैं। इस मामले में बार कौंसिल उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों की बैठक के बाद 4 अक्टूबर को हड़ताल का ऐलान किया गया था। मेरठ में भी वकील 4 और 5 नवंबर को न्यायिक कार्यों से विरत रहे।
No comments:
Post a Comment