अतुल प्रधान ने फूंका महंगी चिकित्सा-शिक्षा का पुतला
विक्टोरिया पार्क में विधायक का आंदोलन जारी
मेरठ। महंगी शिक्षा और महंगे इलाज के खिलाफ आंदोलन कर रहे सरधना विधायक अतुल प्रधान ने शनिवार को विक्टोरिया पार्क में महंगी शिक्षा और महंगे इलाज का पुतला फूंका। उधर विक्टोरिया पार्क में सपा विधायक का आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा।
अतुल प्रधान ने सपा कार्यकर्ताओं के साथ विक्टोरिया पार्क में ही दशहरे का पर्व मनाया और रावण की जगह महंगी शिक्षा और महंगी चिकित्सा का पुतला दहन किया । इससे पूर्व विक्टोरिया पार्क में मौजूद सपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अतुल प्रधान ने कहा कि महंगी चिकित्सा और महंगी शिक्षा के खिलाफ जंग गरीबों के समर्थन में है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक कहते हैं कि वह जन सेवा कर रहे हैं। अतुल प्रधान ने सवाल किया कि चिकित्सक बताएं कि दो से ढाई हजार रुपए फीस लेकर आखिर वो कौन सी जन सेवा कर रहे हैं। उधर दूसरी ओर सपा विधायक के आंदोलन को विभिन्न संगठनों के समर्थन देने का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। पिछड़े मुस्लिमों ने भी दिया समर्थन
मेरठ। विक्टोरिया पार्क में चल रहे विधायक अतुल प्रधान के आंदोलन को पिछड़े मुसलमानों ने भी समर्थन देने की घोषणा की है। शनिवार को भारतीय मुस्लिम जोगी युवा शक्ति सेवा मंच का प्रतिनिधिमंडल विक्टोरिया पार्क पहुंचा और विधायक के समर्थन में धरने पर बैठ गया। संगठन के अध्यक्ष आरिफ भारती जोगी ने कहा कि विधायक अतुल प्रधान चूंकि गरीब और पिछड़ों की लड़ाई लड़ रहे हैं इसलिए उनका संगठन इस संघर्ष में उनके साथ रहेगा। इस अवसर पर साजिद, इफ्तिखार, इंतजार, शकील, मेहताब, फिरोज, शमशाद, इमरान, रिजवान, सुहेल, सलमान, जीशान, इरशाद और शाहिद सहित संगठन से जुड़े कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
No comments:
Post a Comment