भाजपा योगी आदित्यनाथ को हटाने की साजिश कर रही है- अखिलेश यादव

लखनऊ। पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बड़ा बयान दिया है। लखनऊ में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान, अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ साजिश रच रहे हैं।

हाल ही में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी एक बयान दिया था जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर भाजपा की सरकार फिर से सत्ता में आती है, तो दो महीने के अंदर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हटा दिया जाएगा। इसी तरह का बयान अब अखिलेश यादव ने भी दिया है। उन्होंने दावा किया है कि भाजपा के नेता अपनी ही सरकार के खिलाफ षड्यंत्र कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने यह बयान अरविंद केजरीवाल के साथ एक संयुक्त प्रेस वार्ता के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दिया।

अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा, “इंडिया गठबंधन की संयुक्त पुकार है कि मिलकर भाजपा को सत्ता से बाहर करना है। आज लखनऊ में ‘आप’ और सपा के राष्ट्रीय नेतृत्व की उपस्थिति में इंडिया गठबंधन की संयुक्त प्रेस वार्ता में इस बात पर फिर से जोर दिया गया कि संविधान बचाकर ही आरक्षण बचाया जा सकता है। इसीलिए संविधान विरोधी भाजपा को चुनाव में हराकर सत्ता से हटाना जरूरी है।”

अखिलेश यादव ने भाजपा की चुनावी स्थिति पर कटाक्ष करते हुए कहा, “जब भाजपा कहती है कि वे 400 से अधिक सीटें जीतेंगे, तो उनका मतलब होता है कि 543 सीटों में से वे केवल 143 सीटें ही जीत सकते हैं। भाजपा की केवल दिल्ली, पंजाब और यूपी में कुल मिलाकर 99 सीटें जा रही हैं। ‘99’ का यह आंकड़ा भाजपा को डबल नाइन का झटका देगा। पूरे देश की 140 करोड़ जनता भाजपा को 140 सीटों के लिए तरसा देगी।”

No comments:

Post a Comment

Popular Posts