संचारी रोग नियंत्रण अभियान में आशा कार्यकर्ता बनाएंगी आभा आईडी


एक से 30 अप्रैल तक चलेगा अभियान

नोएडा, 20 मार्च 2024।इस बार एक अप्रैल से शुरू होने वाला विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान कुछ खास रहने वाला है।  इस बार दस्तक अभियान में आशा कार्यकर्ता घर घर जाकर लोगों की आयुष्मान भारत आईडी बनाएंगी। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत दस्तक अभियान 21 दिन चलाया जाएगा। अब तक इसे दो हफ्ते चलाया जाता था। दस्तक अभियान में आशा कार्यकर्ता घर घर जाकर बीमारियों को लेकर स्क्रीनिंग तो करेंगी साथ ही लोगों को मच्छर जनित बीमारियों से बचने के तरीके भी बताएंगी।
जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा ने बताया 12 विभागों के सहयोग से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता ई कवच पर रिपोर्टिंग के साथ ही मरीज की स्क्रीनिंग के दौरान उनकी आभा आई भी क्रिएट करेंगी, साथ ही मरीज को रजिस्ट्रेशन की जानकारी देंगी। आभा आई बनने से हर मरीज की स्वास्थ्य कुंडली विभाग के पास रहेगी। इससे मरीजों के उपचार करने में सुविधा रहेगी। स्वास्थ्य विभाग के पास यह भी जानकारी रहेगी कि मरीज का कब और कौन सी बीमारी का इलाज हुआ।
उन्होंने बताया विश्व स्वास्थ्य संगठन और यूनिसेफ अभियान की लगातार मानिटरिंग करेंगे। किस विभाग ने क्या और कितना काम किया, इस पर निगाह रखी जाएगी। माइक्रो प्लान के अनुसार ही विभागों को काम करना होगा। सभी विभाग शीघ्र ही अपने माइक्रो प्लान उपलब्ध कराएंगे।
उन्होंने बताया दस्तक अभियान के लिए जल्दी ही आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें बताया जाएगा कि घर घर जाकर लोगों से कैसे बात करनी है और किन बीमारियों की स्क्रीनिंग करनी है। मलेरिया अधिकारी ने बताया घर-घर जाकर आशा कार्यकर्ता बुखार, आईएलआई (इन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस), क्षय रोग और कुष्ठ रोग के लक्षण युक्त व्यक्तियों के साथ ही कुपोषित बच्चों और मच्छर प्रजनन पाए जाने वाले घरों की भी सूची तैयार करेंगी
इसके साथ ही ऐसे मकानों की सूची तैयार करेंगी, जहां घरों के भीतर मच्छरों का प्रजनन पाया गया हो। प्रतिदिन सभी रिपोर्ट ई-कवच पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।  उन्होंने बताया बताया अभियान में संक्रमण से बचने व बुखार होने पर “क्या करें, क्या न करें” का प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग, बैनर और पोस्टर आदि के माध्यम से प्रचार कराया जाएगा।
उन्होंने बताया मच्छर जनित बीमारियों   डेंगू मलेरिया के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ऐसे क्षेत्रों में तीनों प्राधिकरण, नगर पालिका नगर पंचायत साफ-सफाई व एंटी लार्वा छिड़काव करेंगे। मलेरिया इंस्पेक्टर क्षेत्रों का दौरा करेंगे, लार्वा चेक करेंगे और लोगों को मच्छर जनित बीमारियों को लेकर जागरूक करेंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts