साइबर सुरक्षा और चुनौतियां
 इलमा अजीम 
21वीं सदी को हम सूचना और क्रांति के युग (इनफार्मेशन एज) से जानते हैं। सूचना और क्रांति से मानव जीवन के हर एक पहलू में बदलाव आया है। मुख्य रूप से संचार के नए-नए साधनों ने पूरे विश्व को ही एक ग्लोबल विलेज बना दिया है। इंटरनेट के माध्यम से विभिन नेटवर्किंग साइट्स जैसे व्हाट्स एप्प, फेसबुक, इन्स्टाग्राम, ईमेल इत्यादि ने मीलों की दूरियों को खत्म कर दिया है, लेकिन जिस तरह से हम पिछले एक दशक में सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल युग में आगे बढ़ रहे हैं, उतनी ही तेजी से साइबर क्राइम में भी वृद्धि हुई है। साइबर हमलों से भारत भी अछूता नहीं रहा है। 



भारत में हमें साइबर क्राइम का सबसे खतरनाक रूप कोरोना महामारी के दौरान देखने को मिला। 2020-21 में जहां भारत देश कोरोना महामारी से जूझ रहा था, तो दूसरी ओर साइबर अटैक्स से। एक रिपोर्ट के अनुसार कोरोना महामारी के समय एशिया महाद्वीप में जापान के बाद सबसे ज्यादा साइबर अटैक्स झेलने पड़े। ये साइबर अटैक्स सबसे ज्यादा वित्तीय, बीमा और उन संस्थाओं पर किए गए जो महामारी में लोगों को एसेंशियल सर्विस प्रोवाइडर का काम कर रही थीं। वर्तमान में भारत की आधी से ज्यादा आबादी इंटरनेट से जुड़ी हुई है। आज हम देखते हैं कि एक गरीब से गरीब आदमी भी स्मार्टफोन यूज करता है। इंटरनेट ने लोगों के बीच सूचना प्रसार में एक महत्वपूर्ण क्रांति लाकर डिजिटल डिवीजन को खत्म करने का काम किया है। इसके अलावा सरकारों को भी अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार और प्रसार करने में आसानी हुई है। इसके अतिरिक्त सिटीजन जर्नलिज्म व डायरेक्ट मनी ट्रांसफर जैसी चीजें भी इंटरनेट से ही संभव हो पाई हैं। एक अनुमान के अनुसार भारत में चीन के बाद सबसे ज्यादा इंटरनेट यूजर्स हैं। पर्याप्त जानकारी के अभाव एवं डिजिटल अज्ञानता के कारण हम देखते हैं कि भारत के आम लोग साइबर ठगी का शिकार बन रहे हैं। भारत की कुल अर्थव्यवस्था का 14 से 15 प्रतिशत डिजिटल इकॉनमी से संचालित होता है। लोग भी अब लेन-देन के लिए फोन-पे, गूगल-पे आदि का प्रयोग करते हैं। इस दृष्टि से भी साइबर सिक्योरिटी अर्थव्यवस्था का एक अहम बिंदु है। साइबर अपराध के कारण महिलाओं से संबंधित साइबर अपराध में भी लगातार इजाफा हो रहा है। साइबर सिक्योरिटी के गंभीर खतरों को देखते हुए जरूरत है कि लोगों को ज्यादा से ज्यादा डिजिटल रूप से साक्षर बनाया जाए।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts