आईआईएल फाउंडेशन ने सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि और प्रौद्योगिकी विवि के साथ एमओयू पर किए हस्ताक्षर
मेरठ। आईआईएल फाउंडेशन ने सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए, जिसका उद्देश्य किसान को फसल सुरक्षा और पोषण के विषय में आधुनिक जानकारी उपलब्ध करवाना हैं।
एमओयू पर हस्ताक्षर समारोह सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के गन्ना परिचर्चा के लिए आयोजित एक किसान सम्मेलन के दौरान हुआ। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देश के प्रख्यात गन्ना विशेषज्ञ पद्मश्री सम्मानित डॉ. बक्शी राम थे, जो पूर्व निदेशक, गन्ना प्रजनन संस्थान, कोयम्बटूर हैं। एमओयू पर यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. केके सिंह और इंसेक्टिसाइड्स (इंडिया) लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट एमके सिंघल ने हस्ताक्षर किए हैं। कार्यक्रम में रजिस्ट्रार डा. रामजी सिंह, निदेशक प्रसार डा. पीके सिंह, सीनियर जनरल मैनेजर आईआईएल संजय सिंह आदि गणमान्य अतिथियों ने लगभग 300 से अधिक किसानों के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री डा. बक्शी राम (पूर्व निदेशक, गन्ना प्रजनन संस्थान, कोयम्बटूर) द्वारा सम्बोधन में गन्ना उत्पादन हेतु विभिन्न पहलुओं जैसे सिंचाई, उर्वरक प्रबंधन, गन्ना सहफसली खेती एवं ट्रेंच विधि से गन्ना उत्पादन आदि विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
सीनियर जनरल मैनेजर आईआईएल संजय सिंह द्वारा बुवाई से कटाई तक गन्नों के प्रबंधन पर विस्तृत रूप से चर्चा की। इस अवसर पर जनपद बुलन्दशहर, सहारनपुर, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, मुरादाबाद, सम्भल, शामली एवं अमरोहा के कृषकों को गन्ना उत्पादन में उत्कृष्ट योगदान हेतु सम्मानित भी किया गया। तकनीकी सत्र में डा. विकास कुमार (वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केन्द्र बागपत) ने गन्ना उत्पादन में गन्ना रोग प्रबन्धन एवं डा. एसएस ढ़ाका (वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केन्द्र शामली) ने गन्ना उत्पादन में गन्ना कीट प्रबन्धन पर विस्तृत चर्चा की एवं उपस्थित कृषकों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का निराकरण भी किया।

No comments:
Post a Comment