2014 से भी बेहतर माहौल, आज प्रभु राम भी हमारे साथ : योगी

भारतीय जनता पार्टी “विकसित भारत-मोदी की गारन्टी” रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी “विकसित भारत-मोदी की गारन्टी” रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय से रवाना किये गए यह रथ प्रदेश भर में घूमेंगे और केंद्र सरकार के कार्यों के बारे में जन-जन को बताएंगे।

भाजपा ‘‘विकसित भारत-मोदी की गारन्टी रथ‘‘ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किये गए जनकल्याण और विकास कार्यों को सभी लोकसभा क्षेत्रों तक पहुंचाएंगे। ‘‘विकसित भारत-मोदी की गारन्टी रथ‘‘ के माध्यम से जनता से सुझाव प्राप्त किये जाएंगे और जनता की आकांक्षाओं के आधार पर लोकसभा चुनाव 2024 का संकल्प पत्र तैयार होगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारे लिए विशेष अवसर है। 22 जनवरी को प्रभु श्रीराम लला का प्राण प्रतिष्ठा हो चुका है।पूरी दुनिया दर्शन को लालायित है और दर्शन करने पहुंच रही है।

उन्होंने कहा कि पूरा देश पीएम मोदी की गारंटी से ऊर्जावान हो रहा है। कल राज्यसभा चुनाव में शत- प्रतिशत परिणाम आये हैं। लोकतंत्र में जनता का शासन, जनता के द्वारा, जनता के लिए होता है, हम जनता को जनार्दन मानकर उनकी सेवा करते हैं। हम उनसे जो वादे करते हैं, उनको रोडमैप के रूप मे अगले 5 वर्ष कार्य करते हैं।

सीएम योगी ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। अपना मोर्चा, प्रकोष्ट, तन्त्र है, लेकिन इनके बावजूद हमने जनता को ही जनार्दन माना है। हम इस घोषणा पत्र अभियान के लिए गांव-गांव जाकर जनता से उनकी सुझाव पूछेंगे, जानेंगे। उन्होंने कहा कि आज हमारे लिए माहौल अनुकूल है। केंद्र के प्रधानमंत्री के शासन के दस वर्षों के कार्यकाल को लेकर हम आगे चल रहे हैं। हमारे सामने कोई टिकता नहीं दिख रहा है। लेकिन अति आत्मविश्वास कभी-कभी खतरनाक होता है। हमको अति आत्मविश्वास से बचना होगा।

सीएम योगी ने कहा कि हमारा व्यवहार, हमारी गतिविधियों को जनता वाच कर रही है। समय आने पर जनता जवाब दे देती है। इसको ध्यान रखना होगा। हमको अपने क्षेत्र, संसदीय क्षेत्र को ध्यान से हटाते हुए अपने बूथ को केंद्रित करना होगा। बूथ जीता तो चुनाव जीता। 2014 से बेहतर आज हमारे लिए अनुकल माहौल है। आज हमारे साथ प्रभु श्रीराम भी हैं, इसीलिए हमारा परिणाम अब 80 में से 80 होना चाहिए।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि पार्टी के संकल्प पत्र सुझाव और मोदी की गारंटी रथयात्रा अभियान का आगाज किया गया है। भाजपा हमेशा अपने एजेंडे और लोगों के सुझाव के आधार पर आगे बढ़ेगी। दुनिया का नेतृत्व हम लोग कर सकें, ऐसे संकल्प पत्र के लिए हम सुझाव मांग रहे हैं। हमने जो कहा, उसको योगी और मोदी के नेतृत्व में पूरा किया। हमारा ओपन एजेंडा है। अनुच्छेद 370, यूसीसी और राम मंदिर हमारे एजेंडे में था, जिसको हम पूरा कर रहे हैं। हम अपने आगामी संकल्प पत्र को लेकर सुझाव मांगने की शुरुआत कर रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts