महिलाओं का विश्वास जीतने में सफल रही सरकारः सीएम योगी

लखनऊ (एजेंसी)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले साढ़े छह वर्ष में उत्तर प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। आज प्रदेश में सुरक्षा का माहौल है। एनसीआरबी के आंकड़े इस बात के गवाह हैं कि उत्तर प्रदेश में हर प्रकृति के अपराध में कमी आई है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं प्रदेश में कहीं भी बिना भय के अकेले यात्रा कर सकती हैं। हमारी सरकार आधी आबादी के विश्वास को जीतने में सफल रही।
सीएम योगी सोमवार को होटल ताज में आयोजित एक समाचार पत्र के कार्यक्रम 'यूपी राइजिंग 10 साल 10 बदलाव' को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश को लेकर लोगों का परसेप्शन था कि यूपी का कुछ नहीं हो सकता, यूपी नहीं सुधर सकता, यूपी एक बीमारू राज्य है जो देश को बीमार कर रहा है। पिछले साढ़े छह वर्षों में हमारी सरकार देश और दुनिया में उत्तर प्रदेश के प्रति व्याप्त इस धारणा को बदलने में सफल रही। आज उत्तर प्रदेश को लेकर लोगों में नकारात्मक सोच नहीं है। आज उत्तर प्रदेश सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहा है और यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वजह से संभव हो पाया, जिन्होंने एक प्रकाश पुंज के रूप में उत्तर प्रदेश को नई दृष्टि दी।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज देश के लोगों में बाह्य, आंतरिक और आर्थिक सुरक्षा के मामले में एक विश्वास पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि आज कोई भी दुश्मन भारत की तरफ टेढ़ी नजरों से नहीं देख सकता है, क्योंकि उसको मालूम है कि अगर हम घुसपैठ करेंगे तो भारत के बहादुर जवान पूरी मुस्तैदी के साथ उसका जवाब देंगे।
उन्होंने कहा पिछले 9 वर्ष के अंदर हमने बहुत ही शानदार तरीके से भारत को बदलते देखा है। भारत ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में एक लंबी छलांग लगाई है। आज भारत दुनिया की 10वीं बड़ी अर्थव्यवस्था से छलांग लगाकर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। यही नहीं प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2027 आते-आते भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts