मकान के किराए को लेकर दो समुदाय के लोग भिड़े, जमकर चले लाठी-डंडे

 पुलिस ने दोनों पक्षों के 2 लोग हिरासत में लिया 

मेरठ। थाना  कोतवाली  क्षेत्र स्थित जाटव गेट में किराए को लेकर दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। वहीं दो समुदाय के लोगों के आमने सामने आने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के 2 लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भेजकर घटनास्थल पर फोर्स तैनात कर दिया।

जाटव गेट निवासी रोहित का आरोप है कि उसने गली के ही रहने वाले नईम से 2 माह पूर्व 2500 महीना के हिसाब से मकान किराए पर लिया था। रोहित का कहना है कि काम टूटने के कारण वह मकान का किराया नहीं दे पाया। इसी के चलते मकान मालिक नईम ने शुक्रवार को अपने गुंडों को उसके घर पर भेज कर अभद्रता करते हुए मकान खाली करने की धमकी दी थी। रोहित का कहना है कि उसने कुछ समय बाद मकान का किराया देने की बात आरोपियों से कही थी।

 शनिवार देर रात करीब 11:30 बजे नईम अपने साथ 25 से 30 लोगों को लेकर उसके मकान पर पहुंचा और हमला बोल दिया। इस दौरान आरोपियों ने रोहित व उसके परिवार वालों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। मकान में रखे सामान में तोड़फोड़ करते हुए बाहर फेंकना शुरू कर दिया। शोर सुनकर मकान के सामने रह रहा रोहित का भाई रवि भी पहुंच गया और दोनों तरफ से लाठी-डंडों के साथ पथराव हो गया। मारपीट के दौरान रवि गंभीर रूप से घायल हो गया।वहीं मकान मालिक नईम का कहना है कि रोहित ने 4 माह पूर्व उसका मकान किराए पर लिया था। 4 माह में न तो उसने किराया ही दिया है और न ही बिजली का बिल दिया है।रात में वह रोहित से मकान खाली कराने की बात कहने के लिए पहुंचा था, तभी रोहित ने अपने परिवार वालों के साथ उस पर हमला कर दिया।

दो समुदाय के बीच मारपीट की जानकारी मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। किसी तरह मामले को शांत कराते हुए दोनों पक्षों के 2 लोगों रोहित और नईम को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घायल रवि को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजकर दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।

कोतवाली थाना प्रभारी अनिल शाही का कहना है कि मकान के किराए को लेकर दो समुदाय के लोगों में मामूली कहासुनी हो गई थी। पुलिस ने मामला शांत करा दिया है। दोनों पक्षों के 2 लोगों को हिरासत में लिया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts