विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान आज से 

 17 से 31 जुलाई तक चलेगा दस्तक अभियान 

मेरठ, 30 जून 2023। जनपद में शनिवार (एक जुलाई) से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इसमें 14  विभागों का सहयोग लिया जाएगा। अभियान के तहत संचारी रोगों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। आगामी 17 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान में आशा व आंगनबाड़ी घर -घर जाकर जाकर बुखार पीड़ित मरीजों को खोजेंगी। 

 जिला मलेरिया अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया- स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार से आरंभ हो रहे संचारी  रोग नियंत्रण अभियान  की तैयारी कर ली है।  इसके तहत नाली की सफाई, झाड़ियों की सफाई , हैंडपंप के आसपास साफ सफाई करना, हैंडपंप के पास प्लेटफार्म बनाने का अभियान चलाया जाएगा। नालियों व जलभराव वाले क्षेत्रों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों की सफाई करायी जाएगी। रैली निकाल कर लोगों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दस्तक अभियान  में घर -घर जाकर टीबी के संभावित मरीजों की पहचान करेंगी। 

 उन्होंने  बताया - मलेरिया से बचाव के लिए बहुत जरूरी है घर व उसके आसपास पानी जमा न होने दें। इसी पानी में मादा मच्छर अंडे देती है। कूलर, एसी, फ्रिज की ट्रे या किसी भी जल पात्र में पानी जमा न होने दें। मच्छरों से बचाव को पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। मच्छरदानी का उपयोग करना अच्छा रहता है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू व मलेरिया की जांच और इलाज की सुविधा उपलब्ध है। पंचायत स्तर तक प्रधानों को इन रोगों की रोकथाम और नियंत्रण के बारे में जानकारी दी गई है।

उन्होंने बताया- जिले में पिछले साल मलेरिया के 40 और 348 डेंगू रोगी मिले थे। इस साल अभी तक मलेरिया के छह रोगी मिल चुके हैं। इनमें से चार लोग अन्य जगहों से बुखार से पीड़ित होकर आए थे। जिले में  हुई जांच में मलेरिया की पुष्टि हुई। डेंगू के इस साल दो मामले मिल चुके हैं। बरसात में मच्छरों के पनपने से इन बीमारियों के फैलने की अधिक आशंका होती है।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts