महंगाई और अदाणी मामले पर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

 केंद्र सरकार पर बरसे खरगे
नई दिल्ली (एजेंसी)।
अदाणी-हिंडनबर्ग विवाद और महंगाई को लेकर कांग्रेस ने पूरे देश में प्रदर्शन किया। गुजरात में पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने हाथ में तख्तियां लेकर इन मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। वहीं मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अदाणी मामले को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
दूसरी ओर, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी मोदी सरकार पर निशाना साधा और उस पर देश के लोकतंत्र को कुचलने का आरोप लगाया। संसद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकतंत्र संबंधी टिप्पणी के मुद्दे को उठाने और उनसे माफी मांगने की मांग को लेकर खरगे ने सरकार पर पलटवार किया और कहा कि लोकतंत्र को कुचने वाले लोग इसे बचाने की बात कर रहे हैं।
खरगे ने बीआरएस, वाम दलों और आप सहित अन्य विपक्षी दलों के सांसदों के साथ संसद भवन परिसर से विजय चौक तक विरोध मार्च निकाला और आरोप लगाया कि देश में कानून का कोई शासन नहीं है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को 'तानाशाह' की तरह चला रहे हैं। खरगे ने विजय चौक पर संवाददाताओं से कहा, वे (भाजपा) लोकतंत्र को कुचल रहे हैं और नष्ट कर रहे हैं और लोकतंत्र व देश के गौरव को बचाने की बात कर रहे हैं।


पुलिस से भिड़े कांग्रेसी, अध्यक्ष सहित कई हिरासत में

लखनऊ।
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी के नेतृत्व में कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर राजभवन का घेराव करने जा रहे थे। इस दौरान हजरतगंज और राजभवन के नजदीक उनकी पुलिस से भिड़ंत हो गई।
कांग्रेसी कार्यकर्ता भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें नियंत्रण में लेने के लिए हिरासत में ले लिया और उन सभी को अस्थाई जेल में ईको गार्डेन ले जाया गया है।
यूपी कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ राजभवन के घेराव का एलान किया था। प्रदर्शन में लखनऊ और आसपास के जिलों से कांग्रेस नेताओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन के कारण विधानभवन और राजभवन के पास घंटों जाम लगा रहा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी सहित नसीमुद्दीन सिद्दीक़ी, नकुल दुबे, प्रदेश मीडिया संयोजक लल्लन कुमार, अंशू अवस्थी, मुकेश धनगर, अजय राय, योगेश दीक्षित, अनिल यादव, दिनेश सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts