कड़ाके की ठंड से कंपकंपा रहा उत्तर भारत

 ज्यादातर हिस्सों में शीतलहर व कोहरे की स्थिति
नई दिल्ली (एजेंसी)।
पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड कंपकंपा रहा है। इस भीषण ठंड में लोगों का घरों से निकलना दुर्भर हो गया है। हाड़ कंपाने वाली इस ठंड से हर कोई परेशान है। साल बदल गया, लेकिन ठंड का प्रकोप और भी बढ़ता जा रहा है। उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्से मंगलवार को कड़ाके की ठंड की चपेट में रहे। वहीं, जम्मू-कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर पारा नीचे ही लुढ़कता जा रहा है, जो जमा देने वाली ठंड का कारण बन गया है। इसके अलावा, सुबह के शुरुआती घंटों में घने कोहरे ने सड़क और रेल यातायात को प्रभावित किया।
राजधानी दिल्ली में पारा कुछ डिग्री चढ़ गया है, जिससे दिल्लीवासियों को ठंड से कुछ राहत मिली है। अधिकारियों ने कहा कि जम्मू और कश्मीर के श्रीनगर में सोमवार रात न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो पिछली रात के 0.9 डिग्री से अधिक रहा। उन्होंने आगे यह भी कहा कि घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में तापमान शून्य से 3.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। वहीं, कुपवाड़ा में पारा 2.7 डिग्री सेल्सियस और पहलगाम में शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
घाटी के सभी मौसम केंद्रों में पारा 10 डिग्री के निशान से नीचे रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, ऊंचाई वाले इलाकों में कई जगहों पर मध्यम बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा, घाटी के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम हिमपात होने की उम्मीद है। मौसम कार्यालय ने आगे कहा कि जम्मू कश्मीर के कई स्थानों पर जम्मू के मैदानी इलाकों में बारिश के साथ हल्की बर्फबारी की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार के कई हिस्सों में भीषण ठंड और घने कोहरे की स्थिति बनी हुई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts