आंगनबाड़ी केन्द्रों पर परोसा जाएगा ताजा-गर्म खाना

 अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर से खाना बनाकर नहीं लाएंगी

 मेरठ, 20 दिसम्बर 2022। आंगनबाड़ी केन्द्रों पर हॉट कुक्ड योजना फिर शुरू होगी। यानि अब आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को ताजा गर्म गर्म भोजन परोसा जाएगा। कोरोना काल के दौरान इस योजना को बंद कर दिया गया था। इसे सरकारी स्कूलों में चल रहे मिड-डे- मील (एमडीएम) की तर्ज पर पुन: चलाया जायेगा। इसमें स्कूल की रसोई और बर्तनों में खाना बनाने और स्कूलों में बच्चों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को भी ताज गर्मागर्म खाना मिलेगा। यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) विनीत कुमार ने दी।
उन्होंने बताया सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर तीन से छहसाल के बच्चों के लिए सरकार ने हॉट कुक्ड योजना चलाई थी, जो कोरोना काल से बंद चल रही है। इस योजना को सरकार फिर से प्रारंभ करने जा रही है। इस बार इस योजना को एमडीएम की तर्ज पर चलाया जाएगा। कोटेदारों के माध्यम से गेहूं व चावल की पूर्ति होगी। कनवर्जन कास्ट की राशि आंगनबाड़ी सभासद के संयुक्त खाते में आएगी। विभाग ने इसकी तैयारी तेज कर दी है। स्कूलों की रसोई के बर्तन का ही प्रयोग होगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया - हॉट कुक्ड
योजना में पहले आंगनबाड़ी केंद्रों पर न तो रसोई गैस का इंतजाम था और न ही बर्तन का आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने घरों से खाना बना कर लाती थीं। इसमें सुधार किया गया है। क्योंकि अधिकतर स्कूलों में ही आंगनबाड़ी केंद्र चल रहे हैं। इसलिए शासन का निर्णय है कि परिषदीय स्कूलों की रसोई, गैस और बर्तन का प्रयोग आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों का खाना बनाने के लिए किया जाएगा। बच्चों को एमडीएम की तरह ही खाना परोसा जाएगा। विनीत कुमार ने बताया -जिलाधिकारी ने कहा है कि सभी बैंकों में ग्राम प्रधान, सभासद, आंगनबाड़ी के संयुक्त खाते खुलवा दिये जायें। अगर कोई बैंक खाता खोलने में आनाकानी या लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सभी बैंकों को पत्र भेजकर शून्य बैलेंस पर तुरंत खाता खुलवाने को कहा गया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts