लुभावने घोषणापत्र


कुछ योजनाएं केंद्र सरकार की भी होती हैं जिन्हें आदमी राज्य सरकार की उपलब्धि मान कर दिल को तसल्ली देता है। हिमाचल में चुनाव प्रचार अपने पूरे चरम पर है। हर राजनीतिक दल की कोशिश है कि वह ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं से संपर्क स्थापित कर सके। हर पार्टी का सोशल मीडिया सैल दिन-रात काम कर रहा है ताकि सभी लोग पार्टी से सीधे जुड़ जाएं। सुंदरनगर में भाजपा की बड़ी चुनावी जनसभा में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आप कमल के फूल को वोट डालेंगे तो मोदी को वोट मिल जाएगा, आप प्रत्याशी के नाम की परवाह न करें। यह ऐसा वाक्य है जिससे आम आदमी जो राजनीतिक अंकगणित ठीक से नहीं समझता, वह भी आसानी से समझ जाता है कि मैंने इस चुनाव चिन्ह पर वोट डालना है और वह फलां आदमी को ही मिलेगा। हिमाचल प्रदेश में बाकी राज्यों की तरह प्रधानमंत्री के चाहने वालों की कमी नहीं है। 2014 के चुनाव में इसी तरह से लहर बनी थी जिसने भारतीय जनता पार्टी को अभूतपूर्व विजय दिलाई थी। हिमाचल में इस बार 68 विधानसभा सीटों के लिए 412 उम्मीदवार मैदान में हैं जिनमें 388 पुरुष और 24 महिलाएं हैं।लगभग 50 प्रतिशत मतदाता महिलाएं हैं। कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी की रैलियों में महिलाओं को लुभाने के कई प्रयास किए जा रहे हैं। कांग्रेस ने चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है जिसमें उन्होंने 300 यूनिट बिजली मुफ्त में देने की बात कही है। स्कूलों की बात और कर्मचारियों की बकाया पेंशन की बात का उल्लेख भी किया है। न्यूनतम मजदूरी बढ़ाकर 500 रुपए, महिलाओं को 1500 मासिक भत्ता, एक लाख युवाओं को रोजग़ार और पर्यटन व पशुपालन की नई योजनाएं तथा राज्य में सडक़ों का निर्माण जैसे वादे किए गए हैं।  दोनों प्रमुख दलों ने इस चुनाव में अपने संकल्प पत्र और चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिए हैं। कांग्रेस ने प्रदेश में लम्बे समय तक राज किया। अगर वह अपने सारे घोषणा पत्रों पर ठीक से काम करती तो शायद प्रदेश से कांग्रेस को कोई हटा नहीं सकता था। बहुत बार पार्टियां चुनाव के नतीजे निकलते ही और सत्ता बनने के बाद चुनावी वादों को ठंडे बस्ते में डाल देती हैं और फिर अधिकतर नेतागण अपने विकास की ओर ध्यान देने लगते हैं। पिछले पांच सालों में हिमाचल में भाजपा ने विकास की राह चुनी और अपने अधिकतर वादे पूरे किए। यह बात अलग है कि सरकारी कर्मचारियों और सेवानिवृत्त पेंशनधारी कर्मचारियों की मांगों का पूरी तरह से समाधान नहीं कर पाए। भारतीय जनता पार्टी का संकल्प पत्र ऐसा है जिसे अगर उनकी सरकार बनती है तो पूरा किया जा सकता है। भारतीय जनता पार्टी को अपनी पार्टी से अलग हुए असंतुष्टों, जो निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं, उनकी बदौलत कुछ सीटों का खामियाज़ा भुगतना होगा। कांग्रेस पार्टी भी पूरी कोशिश में है कि किसी तरह से हिमाचल में उनकी सरकार बने। शिमला तथा आसपास के कई इलाकों में दोनों पार्टियों के बड़े बैनर और होर्डिंग लगे हैं। प्रधानमंत्री से लेकर उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री व राजनीति के चाणक्य अमित शाह ने भी प्रदेश में जनसभाओं को संबोधित किया। कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी हिमाचल में जनसभाओं को संबोधित किया और लोगों से सीधा संपर्क स्थापित करने की कोशिश की। लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल की जनता से सीधा संवाद उन्हें बाकी सब नेताओं से अलग करता है। हिमाचल की राजनीति में यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। क्या रिवाज बदलेगा, यह हिमाचल का जागरूक मतदाता बिना किसी के झांसे में आए, तय करेगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts