चेहरे की सूजन को न लें हल्के में

 सुबह-सुबह उठते ही कुछ लोगों को अपने चेहरे पर सूजन दिखाई देती है। यह सूजन दो से तीन घंटे तक बनी रहती है जिसकी वजह से कई बार चेहरा भी खराब दिखता है। चेहरे पर सूजन आना शरीर के अंदर पल रहे किसी रोग का संकेत भी हो सकता है। इस परेशानी की कई वजहें हो सकती हैं।
किडनी की समस्या
 किडनी मनुष्य के शरीर से टॉक्सिन को बाहर निकालती है। यदि शरीर की गंदगी बाहर नहीं निकल पाती है तो ये टॉक्सिन शरीर में ही इक्ट्ठे हो जाते हैं और पूरी रात शरीर में ही रहते हैं। इन टॉक्सिन की वजह से ही सुबह 1 से 2 घंटे तक चेहरे पर भारी सूजन दिखाई दे सकती है।
रात में ज्यादा मीठा या नमकीन भोजन
खान-पान लोगों के स्वास्थ्य पर सीधा प्रभाव डालता है। यदि आप रात को खाने में ज्यादा मीठा या नमक का सेवन करते हैं तो आपके चेहरे के टिशू पानी को जमा कर लेते हैं जिसकी वजह से सुबह-सुबह चेहरा सूजा हुआ दिख सकता है।
हार्मोनल चेंज एवं एनीमिया
 महिलाओं में पीरियड्स के दौरान शरीर में प्रोजेस्टेरोन हार्मोन बढ़ जाता है जिसकी वजह से पीएमएस के लक्षणों के साथ ही चेहरा फूला हुआ दिखाई देता है। पीरियड के दौरान ब्लोटिंग होने से भी चेहरे में सूजन हो सकती है। इसके अलावा चेहरे की सूजन का मेडिकल टर्म में एक बड़ा कारण एनीमिया भी माना गया है। एनिमिक लोगों को सुबह आंखों और आसपास के हिस्से में सूजन का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा दांतों की कोई दिक्कत, साइनस की समस्या भी चेहरे पर सूजन का कारण बन सकती है।
क्या करें उपचार?
 चिकित्सकों का कहना है कि सबसे पहले आ रही सूजन के सही कारण का पता लगाएं। किडनी का टेस्ट करा लें और पानी भरपूर मात्रा में पिएं। हीमोग्लोबिन टेस्ट भी करा लेना चाहिए जिससे कि यदि एनिमिया की दिक्कत होगी तो पकड़ में आ जाएगी। अपनी डाइट में फाइबर का सेवन करें। पपीता खाना भी बहुत फायदेमंद होता है। पपीता पेट और आंतों को स्वस्थ रखने में मदद करता है। पपीते के सेवन से शरीर पतला रहता है, साथ ही यह विटामिन सी, बीटा-कैरोटीन और एंटीऑक्सिडेंट युक्त होता है, जो त्वचा में पानी को जमने से रोकता है। अपने भोजन में ऐसी चीजों का सेवन बढ़ा दें, जो शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी को पूरा करती हैं। जैसे, हरी सब्जियां, अनार, टमाटर, चुकंदर और लाल शिमला मिर्च। दिक्कत बढ़ती हुई लगे तो डॉक्टर से संपर्क करें।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts