न्यू इंडिया' के निर्माण में निभाएं भूमिका : राजनाथ
नई दिल्ली (एजेंसी)।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि सशस्त्र बलों को स्वदेशी अत्याधुनिक हथियारों से लैस करके सुरक्षा तंत्र को मजबूत करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, क्योंकि देश सभी तरह के खतरों से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भारत ने कभी किसी देश को चोट पहुंचाने की कोशिश नहीं की, लेकिन अगर कोई बुरी नजर डालने की कोशिश करेगा तो उसको मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। देश के नागरिक भी मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर 'न्यू इंडिया' के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
राजनाथ सिंह रविवार को गैर सरकारी संगठन 'मारुति वीर जवान ट्रस्ट' की ओर से आयोजित 'शहीदों को सलाम' कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। रक्षा मंत्री ने नागरिकों से सांप्रदायिक सोच से दूर देशभक्ति के गुणों को आत्मसात करके राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र, धर्म, जाति और भाषा की बाधाओं से ऊपर उठकर सशस्त्र बलों के जवान निःस्वार्थ भाव से मातृभूमि की सेवा करते हैं और लोगों को विभिन्न खतरों से बचाते हैं, उसी तरह हमारे क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानियों ने भारत की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करके मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर 'न्यू इंडिया' के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। शहीदों के परिजनों को राष्ट्रीय जिम्मेदारी बताते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजनों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। हाल ही में रक्षा मंत्रालय ने 'मां भारती के सपूत' वेबसाइट लॉन्च की है, ताकि लोग सशस्त्र बल युद्ध हताहत कोष में अधिक योगदान कर सकें।


No comments:
Post a Comment