महर्षि वाल्मीकि ने कराया भगवान श्रीराम से साक्षात्कारः सीएम योगी
लखनऊ।
सीएम योगी ने रविवार को महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर उनको नमन करने के साथ ही उनको महान रचनाकार बताया।
सीएम ने महाकाव्य रामायण के रचयिता आदिकवि महर्षि वाल्मीकि की जयंती इस अवसर पर कहा कि महर्षि वाल्मीकि की तपोस्थली चित्रकूट को प्रदेश सरकार बड़े पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने में लगी है। कुछ वर्ष में चित्रकूट पर्यटन का समृद्ध केन्द्र बनेगा। मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही वाल्मीकि समाज की समस्याएं को लेकर कहा कि आयोग बनाकर उनको शीर्ष प्राथमिकता पर दूर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस धराधाम पर चांद जैसी शीतलता प्रदान करके रामायण की रचना करने वाले त्रिकालदर्शी महर्षि वाल्मीकि की आज जयंती है। महर्षि वाल्मीकि ने भगवान श्रीराम का साक्षात्कार हम सबसे करवाया। महर्षि वाल्मीकि ने भगवान राम पर पहला महाकाव्य वाल्मीकि रचा था। इसके बाद दुनिया भर में इसी ग्रंथ को आधार बनाकर भगवान श्रीराम के चरित्र को रचा गया। हमारा सौभाग्य है कि आज महर्षि वाल्मीकि के पावन जन्मोत्सव मना रहे हैंं।
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का पावन धाम, उनकी तपोस्थली लालापुर चित्रकूट में है। उसी चित्रकूट में भगवान श्रीराम ने वनवास के समय सर्वाधिक समय चित्रकूट में ही व्यतीत किया था। उसी चित्रकूट में महर्षि वाल्मीकि की तपस्थली लालापुर है। उसी चित्रकूट में संत तुलसीदास की जन्मभूमि राजापुर भी स्थित है। हमारी सरकार ने दोनों पावन स्थलों को सौंदर्यीकरण करके पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने कार्य किया है।
महर्षि वाल्मीकि जन्मोत्सव समारोह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, विधायक डा. नीरज बोरा, आशुतोष टंडन, योगेश शुक्ला, महापौर संयुक्ता भाटिया व नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह समेत समाज के कमल वाल्मीकि सहित कई लोग मौजूद थे।


No comments:
Post a Comment