'हर घर तिरंगा' अभियान का आगाज

 अमित शाह ने अपने आवास पर फहराया तिरंगा
नई दिल्ली (एजेंसी)।
आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 'हर घर तिरंगा' अभियान का आज (शनिवार) आगाज हो गया। देश की आजादी के 75 वें वर्ष को मनाने के लिए शुरू किए गए इस अभियान से लोगों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। यह अभियान 15 अगस्त तक चलेगा। इस आगाज के साथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और उनकी पत्नी सोनल शाह ने अपने आवास पर तिरंगा फहराया।
'हर घर तिरंगा' अभियान के अंतर्गत 20 करोड़ तिरंगा फहराने का लक्ष्य है। देश के अलग-अलग शहरों और गांवों में तिरंगा यात्रा निकलनी हैं। इससे पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देशवासियों से आजादी का अमृत महोत्सव के दौरान अपने घरों से तिरंगा फहराकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शुरू किए गए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार कहा था कि भारतीय राष्ट्रीय ध्वज में केवल तीन रंग नहीं होते हैं, बल्कि यह हमारे अतीत के गौरव, वर्तमान के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और भविष्य के हमारे सपनों का प्रतिबिंब है।
'हर घर तिरंगा' अभियान में हर जगह भारतीयों को अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करने की परिकल्पना है। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के साथ संबंध को औपचारिक या संस्थागत रखने के बजाय अधिक व्यक्तिगत बनाना है। पहल के पीछे का विचार लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना जगाना और तिरंगे के बारे में जागरुकता को बढ़ावा देना है।


 अमृत महोत्सव में बनें भागीदारः सीएम योगी


लखनऊ।यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने सरकारी आवास पर तिरंगा झंडा फहराकर हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की और प्रदेशवासियों से आजादी के अमृत महोत्सव का भागीदार बनने का अपील की।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रिय प्रदेश वासियों! देश की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश 'आजादी का अमृत महोत्सव' मना रहा है।  हमारी आन-बान-शान का प्रतीक भारत का राष्ट्रध्वज देश के शौर्य, शांति और बलिदान का प्रतीक भी है।
आइए, 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर, हम भी अपने-अपने घर पर तिरंगा फहराकर 'आजादी के अमृत महोत्सव' में भागीदार बनें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के संकल्प से जुड़ें।



 स्वतंत्रता दिवसः विशेष सतर्कता के निर्देश
 व्यस्त इलाकों पर भी रहेगी कड़ी नजर


लखनऊ।यूपी एटीएस द्वारा दो आतंकियों के पकड़े जाने और 15 अगस्त को बड़े धमाके की साजिश का खुलासा होने के बाद पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस की सोशल मीडिया को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस को स्वतंत्रता दिवस समेत आने वाले त्योहारों पर पैदल गश्त करने और भीड़भाड़ वाले इलाके पर नजर रखने के लिए कहा गया है। इतना ही नहीं पुलिस मुख्यालय की ओर से सभी जोन के एडीजी, आईजी, डीआईजी, चारों पुलिस कमिश्नर, एसएसपी और एसपी को शहरी इलाकों के साथ ही ग्रामीण इलाकों में भी रात की गश्त को तेजी से करने के निर्देश दिए गए हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts