खुशनुमा माहौल में अदा की ईद की नमाज

मांगी अमन शांति की दुआ

मेरठ। आज मेरठ सहित पूरे देश में कुर्बानी का पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) अकीदत व एहतराम के साथ खुशनुमा माहौल में मनाया जा रहा है। ईदगाह में सुबह 5 बजे से ही अकीकदमंद नमाज अदा करने के लिए अपनी सफे बिछा चुके थे। महानगर के अन्य मस्जिदों में भी ईद की नमाज पुरसकूं माहौल में अदा की गई। इस दौरान सुरक्षा को लेकर पुलिस का भारी बंदोबस्त रहा। 

मस्जिदों व ईदगाह में बकरा ईद के मौके पर नमाज अदा कर मुल्क और समाज में अमन-चैन की दुआ की गई। कुर्बानी का पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) अकीदत व एहतराम के साथ खुशनुमा माहौल में नमाज ​अदा कर  मुस्लिमों ने एक-दूसरे को गले लगाया और एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। इसके बाद खुदा की राह में जानवरों की कुर्बानी दी गई। इस समय मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में कुर्बानी दी जा रही है। चारों ओर खुशी का माहौल है। 

इस दौरान सबसे ज्यादा खुशी बच्चों में देखी गई। नए कपड़े पहनकर उल्लास से लबरेज बच्चे इबादत करने ईदगाह और अपने आसपास की मस्जिदों में पहुंचे। ईद की नमाज के बाद घर-घर जाकर मुबारकबाद देने के साथ लजीज व्यजंनों का लुत्फ उठाने का दौर शुरू हो चुका है। 

रविवार को सुबह से ही मुस्लिम समुदाय में उल्लास नजर आ रहा है। हालांकि तीन दिन से ईद की तैयारियां चल रही थी और सभी नए कपड़े और कुर्बानी के लिए पशु की खरीद फरोख्त में जुटे हुए थे। 

मेरठ में शहर से लेकर देहात तक ईद की खुशियां इस समय मनाई जा रही है। मेरठ के शादी ईदगाह में शहरकाजी ने ईद की नमाज अदा कराई। इसके बाद खुतबा पढ़ा गया। शहर नायाब कारी शफीकुर्रहमान ने कहा कि इस समय अमन में शांति और एकता की जरूरत है। यह तभी कायम हो सकती है। जबकि हम दूसरों की भावनाओं और उनके धर्म का आदर करें। बता दें कि कोरोना संक्रमण के कारण पिछले दो साल से ईद की नमाज शाही ईदगाह में नहीं हो रही थी। लेकिन इस बार शादी ईदगाह में ईद उल अजहा की नमाज अदा की गई। इस दौरान पुलिस प्रशासन के कैंप भी ईदगाह के आसपास लगाए गए थे। जहां पर अधिकारियों ने लोगों को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इसके अलावा मवाना, किठौर और सरधना की ईदगाहों में भी ईद की नमाज अदा की गई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts