गुजरात-महाराष्ट्र और एमपी में बारिश का कहर

 अब तक 200 से ज्यादा लोगों की मौत
नई दिल्ली (एजेंसी)।
देश के कई राज्यों में भारी बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। कई जगहों पर बारिश आसमान से आफत के रूप में गिर रही है। बारिश और बाढ़ के चलते सामान्य जनजीवन पटरी से उतर गया है। गुजरात और महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में बारिश सबसे ज्यादा कहर बरपा रही है। इन राज्यों में अब तक 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। कई जिलों में बाढ़ की स्थिति है। उत्तराखंड के चमोली जिले में भूस्खलन के चलते बद्रीनाथ हाईवे को बंद कर दिया गया है।
महाराष्ट्र में भारी तबाही, मुंबई में अलर्ट
महाराष्ट्र में भारी बारिश ने तबाही मचाई हुई है। मूसलाधार बारिश की वजह से कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। बारिश से जुड़ी घटनाओं के चलते राज्य में 1 जून से अब तक 83 लोगों की मौत हो चुकी है। कई नदियों का बहाव तेज हो गया है। माया नगरी मुंबई में भी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। मुंबई के कई इलाकों में पानी जमा हो गया है। जलभराव के चलते सड़कों पर लंबा जाम लग रहा है। मुंबई में अगले दो दिनों के लिए आरेंज अलर्ट जारी हुआ है।
गुजरात के नवसारी में सड़कें डूबी, 6 और की मौत
वहीं, गुजरात में अलग-अलग जिलों में बीते 24 घंटों में 6 लोगों की जान चली गई है। आलम ये है कि कई गांवों का संपर्क टूट गया है। राहत और बचाव कार्य के लिए हेलीकाप्टर तैनात किए गए हैं। एनडीआरएफ के जवान भी लगातार लोगों को बचा रहे हैं। विभिन्न इलाकों से अब तक दो हजार से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बाढ़ प्रभावित नवसारी का दौरा किया। उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात भी की। राज्य में बारिश और बाढ़ के कारण मौत का आंकड़ा बढ़कर 69 हो गया है।
एमपी के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति
मध्य प्रदेश के भी कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। राजधानी भोपाल में मंगलवार को झमाझम बारिश हुई। कई जिलों में बाढ़ की स्थिति है। अगले कुछ दिनों में मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। हरदा जिले में स्कूलों को बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग ने रायसेन, भोपाल, नीमच, नरसिंगपुर, बालाघाट और मंडला जैसे जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। सूचना के मुताबिक, राज्य में बिजली गिरने से बीते एक हफ्ते में 47 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, बीते डेढ़ महीने में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 111 लोगों की मौत हो चुकी है।
हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश जारी
हिमाचल प्रदेश में भी तेज बारिश हो रही है। मनाली बस स्टैंड में पानी भर गया है। तेज बारिश के चलते कुछ बसें क्षतिग्रस्त हुई हैं।
उत्तराखंड में कई जगह भूस्खलन
उत्तराखंड में भी मूसलाधार बारिश जारी है। भारी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। कई सड़कें टूट गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी बुधवार को भी देहरादून समेत पांच जिलों में भारी वर्षा हो सकती है। जबकि, अन्य क्षेत्रों में हल्की वर्षा के आसार हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts