फ्लाईओवर पर उल्टा दौड़ पड़ा ओवरलोडेड ट्रक

 दो की मौत, आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल

गाजियाबाद।गाजियाबाद में फ्लाईओवर पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर तेज स्पीड में उल्टा चलने लगा। जानकारी के मुताबिक, रात साढ़े 12 बजे ट्रक महामाया स्टेडियम के सामने बने फ्लाईओवर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। ओवरलोड होने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर आगे जाने के बजाय पीछे दौड़ने लगा।
ट्रक सीमेंट से भरा था, जिसकी वजह से वो फ्लाईओवर पर नहीं चढ़ पाया। पीछे चल रहे दो ऑटो और बाइक को ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में ऑटो सवार दो युवकों की मौत हो गई और 8 लोग घायल हो गए। छह लोगों की हालत गंभीर है, उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस ने बताया कि ट्रक फ्लाईओवर पर तेजी से चल रहा था। उसके पीछे ही कई वाहन चल रहे थे। ट्रक ओवरलोड था, इसलिए फ्लाईओवर पर वह नहीं चढ़ पाया। ऐसे में ट्रक बैक होना शुरू हो गया। उस वक्त ट्रक ढलान पर था, इसलिए बैक होने की रफ्तार बढ़ती गई। पीछे चल रहे वाहन इसकी चपेट में आते गए।
पहले ट्रक ने ऑटो रौंद दिया। इसके बाद ऑटो के पीछे आ रही बाइक और फिर एक अन्य ऑटो को रौंदते हुए ट्रक फ्लाईओवर की दीवार पर जाकर रुका। रात में गश्त कर रही पुलिस हादसे की खबर पाकर तुरंत मौके पर पहुंची।
हादसे में ऑटो के परखच्चे उड़ गए। इसमें फंसे लोगों को निकालने के लिए ऑटो को कटर मशीन से कटवाना पड़ा। तब तक दो लोगों की मौत हो चुकी थी। बाकी 8 घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक से कूदकर भाग निकला। पुलिस ने बताया कि ड्राइवर की तलाश की जा रही है। जल्द उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।
छह घायल दिल्ली रेफर किए
इस हादसे में ऑटो ड्राइवर सुनील (32 साल) निवासी छपरौला (बादलपुर) ग्रेटर नोएडा और विशाल यादव निवासी अर्थला गाजियाबाद की मौत हुई है। योगेश गिरी, गिरीश, दीपचंद, इसरार, समीर, जगमोहन सिंह, योगेंद्र घायल हुए हैं। योगेश और गिरीश को छोड़कर बाकी अन्य घायलों को दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts